Samachar Post रिपोर्टर,खूंटी :झारखंड के खूंटी जिले में अवैध अफीम की खरीद-बिक्री के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। मुरहू थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई में करीब 5 लाख रुपये की अफीम बरामद की गई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मुरहू थाना क्षेत्र के नील फैक्ट्री के पास कुछ लोग अफीम की खरीद-बिक्री के लिए जुटने वाले हैं। सूचना मिलते ही एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर मौके पर छापेमारी की गई।
यह भी पढ़ें :पलामू में दर्दनाक हादसा: बच्चों को बस में चढ़ा रहे खलासी को हाइवा ने रौंदा
980 ग्राम अफीम सहित कई सामान बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 980 ग्राम अवैध अफीम, दो मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, एक काला बैग और अन्य सामान बरामद किया। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है।
भागने की कोशिश में तीन आरोपी दबोचे गए
पुलिस टीम को देखते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन पीछा कर तीन लोगों को पकड़ लिया गया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जगदीश डहांगा, जबार पूर्ति और रेजीश केरकेट्टा के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में तीनों आरोपियों ने अफीम की खरीद-बिक्री में शामिल होने की बात स्वीकार की है। इस मामले में मुरहू थाना में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है। इस कार्रवाई में एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस टीम के कई अधिकारियों और जवानों की अहम भूमिका रही। तकनीकी शाखा और सशस्त्र बल भी ऑपरेशन में शामिल थे।
Reporter | Samachar Post