रामगढ़: शिव शंकर ज्वेलर्स डकैती कांड का खुलासा, दो महिला समेत 7 आरोपी गिरफ्तार

Samachar Post रिपोर्टर, रामगढ़: जिले के राजरप्पा थाना क्षेत्र में हुई शिव शंकर ज्वेलर्स डकैती मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। एसपी मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए दो महिला समेत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटे गए सोने-चांदी के जेवरात और वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन भी बरामद किए हैं। बताया गया कि 21 अप्रैल को दोपहर करीब 3:40 बजे चितरपुर-राजरप्पा मोड़ स्थित शिव शंकर ज्वेलर्स में हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोला था। अपराधियों ने दुकान मालिक विष्णु प्रसाद को आतंकित कर गहनों की लूट की और मौके से फरार हो गए थे। घटना के बाद राजरप्पा थाना में मामला दर्ज किया गया था।

SIT गठित कर शुरू की गई जांच

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने डीएसपी (मुख्यालय) के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया। टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर रामगढ़, लातेहार, पलामू और रांची के साथ-साथ बिहार के नालंदा जिले में भी छापेमारी की।

यह भी पढ़ें: झारखंड शराब घोटाला: हाईकोर्ट से अरुण पति त्रिपाठी और अरविंद कुमार को बड़ा झटका

दो महिला समेत सात आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में सुभानी अंसारी उर्फ ललका, मनीष कुमार, रीना देवी, चन्द्रावती देवी, आनंद कुमार, अरबाज अंसारी और नसरूल्ला अंसारी को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से लूटे गए जेवरात बरामद किए गए। साथ ही एक अर्टिगा कार, एक बाइक और अन्य सामान भी जब्त किया गया, जिनका इस्तेमाल डकैती में किया गया था। पुलिस के अनुसार, गिरोह के अन्य सदस्यों और पूरे नेटवर्क की पहचान के लिए आगे की जांच जारी है। इस मामले के खुलासे को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Share this news

संबंधित खबरें