Samachar Post रिपोर्टर, रांची: रांची के ओरमांझी थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर के साथ सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने उनके पास से नशीला पदार्थ, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन और एक वाहन भी बरामद किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सिलदिरी इलाके के एक घर में अवैध रूप से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर एसपी के निर्देश पर विशेष छापामारी टीम (SIT) गठित की गई। डीएसपी सिल्ली के नेतृत्व में टीम ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की।
घर से चल रहा था नशे का कारोबार
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक पक्का मकान से छह लोगों को मौके पर पकड़ लिया। सभी आरोपी पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान अलग-अलग मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद की गई।
यह भी पढ़ें: रामगढ़: शिव शंकर ज्वेलर्स डकैती कांड का खुलासा, दो महिला समेत 7 आरोपी गिरफ्तार
14.91 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद
गिरफ्तार आरोपियों में साहिल अंसारी, जय प्रकाश कुमार महतो, गुलफान अंसारी, जावेद अंसारी, देवेन्द्र महतो, शोएब अख्तर उर्फ शोएब अंसारी और एक अन्य शामिल हैं। पुलिस ने कुल 14.91 ग्राम ब्राउन शुगर, कई मोबाइल फोन, सिल्वर फॉइल पेपर और पैकिंग सामग्री जब्त की है। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी सोनू सिंह नामक व्यक्ति से ब्राउन शुगर खरीदकर छोटी-छोटी पुड़ियों में बेचते थे। यह नेटवर्क ओरमांझी और आसपास के इलाकों में सक्रिय बताया जा रहा है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। साथ ही पूरे नेटवर्क और अन्य सप्लायर की पहचान के लिए आगे की जांच जारी है। पुलिस ने कहा है कि इलाके में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।