जेल के पास तीन दुकानों में चोरी, हजारों की नगदी लेकर फरार हुए चोर

Rupa Kumari | April 8, 2026 | 12:57 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, खूंटी: जिले के कचहरी परिसर में बीती देर रात चोरी की वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। चोरों ने एक साथ तीन दुकानों का ताला तोड़कर कैश काउंटर से हजारों रुपये नगद उड़ा लिए। हैरानी की बात यह है कि घटना स्थल के ठीक पास जिला जेल स्थित है, इसके बावजूद बदमाश बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

तीन दुकानों को बनाया निशाना

जानकारी के अनुसार, चोरों ने कचहरी परिसर में स्थित तीन दुकानों के शटर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने सीधे कैश काउंटर को निशाना बनाया और वहां रखी नगदी लेकर फरार हो गए। दुकानों में रखे अन्य सामान को चोरों ने हाथ तक नहीं लगाया, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि बदमाश केवल नकदी की तलाश में थे।

यह भी पढ़ें: तीन दिन से लापता किसान का शव जंगल में पेड़ से लटका मिला, कोडरमा में सनसनी

मेहनत की कमाई पर पानी

घटना के बाद दुकानदारों में आक्रोश और मायूसी है। दुकानदार सुधीर सिंह ने बताया कि उन्होंने बच्चों की स्कूल ड्रेस खरीदने के लिए करीब ढाई हजार रुपये जमा किए थे, जिसे चोर ले गए। वहीं प्रमोद तोपनो ने बताया कि सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का ताला टूटा मिला और कैश काउंटर से करीब साढ़े पांच हजार रुपये गायब थे। इसके अलावा कुंडू जेरॉक्स दुकान से भी लगभग ढाई हजार रुपये नगद चोरी हो गए।

जेल के पास चोरी से उठे सवाल

घटना स्थल के पास जिला जेल होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि इतनी संवेदनशील जगह के आसपास भी चोरों का आसानी से वारदात को अंजाम देना पुलिस गश्ती पर सवाल खड़ा करता है। घटना की सूचना मिलते ही बुधवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही चोरों की पहचान कर गिरफ्तारी का दावा किया है।

Share this news

संबंधित खबरें