Samachar Post रिपोर्टर, रांची :रांची समेत पूरे झारखंड में अवैध अफीम की खेती और मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक को लेकर पुलिस मुख्यालय ने सख्त कदम उठाया है। इस संबंध में आज 17 अप्रैल को दोपहर 3 बजे पुलिस महानिदेशक की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। पुलिस मुख्यालय ने राज्य के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को बैठक में शामिल होने का निर्देश दिया है। बैठक में अब तक चलाए गए अभियान, अफीम की अवैध खेती को नष्ट करने की प्रगति और तस्करी के मामलों में की गई कार्रवाई की समीक्षा की जाएगी।
यह भी पढ़ें :पश्चिम एशिया में तनाव घटने से कच्चा तेल सस्ता, कीमतों में गिरावट से भारत को राहत की उम्मीद
कार्रवाई और रणनीति पर होगी चर्चा
इस बैठक में नशा तस्करी से जुड़े मामलों में गिरफ्तारी, जब्ती और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने जिलों की पूरी रिपोर्ट और आंकड़ों के साथ बैठक में शामिल हों। समीक्षा बैठक में रांची, चतरा, पलामू, चाईबासा, सरायकेला-खरसावां, हजारीबाग, लातेहार और खूंटी जिलों के पुलिस अधीक्षक विशेष रूप से शामिल होंगे। इन क्षेत्रों में अवैध खेती और तस्करी को लेकर पहले से अभियान चलाए जा रहे हैं।
पूरी तैयारी के साथ शामिल होने का निर्देश
पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि सभी अधिकारी तय समय पर पूरी तैयारी के साथ बैठक में शामिल हों। जिलेवार कार्रवाई और उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
Reporter | Samachar Post