Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा: जामताड़ा में आयोजित 51 जोड़ों का सामूहिक विवाह कार्यक्रम सामाजिक एकता और सहयोग की मिसाल बनकर सामने आया। ऐतिहासिक गांधी मैदान में हुए इस भव्य आयोजन में बॉलीवुड अभिनेता चंकी पांडेय की मौजूदगी ने समारोह की रौनक बढ़ा दी। मंच पर पहुंचते ही तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा मैदान गूंज उठा। उन्होंने अपने खास अंदाज में लोगों का मनोरंजन किया और नवविवाहित जोड़ों को सुखी वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।
एक साथ 51 जोड़ों ने लिए सात फेरे
गांधी मैदान में एक साथ 51 जोड़ों ने सात फेरे लेकर अपने नए जीवन की शुरुआत की। वैदिक मंत्रोच्चार और मंगल गीतों के बीच विवाह की सभी रस्में पूरी की गईं। एक साथ सजी 51 वेदियों पर विवाह का आयोजन लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना और समाज में एकता व समरसता का संदेश दिया।
यह भी पढ़ें: गुमला में प्रेम प्रसंग से तनावग्रस्त युवक ने की आत्महत्या, महुआ पेड़ से लटका मिला शव
आयोजन में उमड़ी हजारों की भीड़
कार्यक्रम में हजारों की संख्या में स्थानीय नागरिक, गणमान्य अतिथि, पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। कन्याओं की विदाई के दौरान माहौल भावुक हो गया। वक्ताओं ने कहा कि इस तरह के सामूहिक विवाह गरीब परिवारों के लिए राहत साबित होते हैं और दहेज जैसी कुरीतियों को खत्म करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
नवदंपत्तियों को गृहस्थी का सामान भेंट
आयोजन के मुख्य सूत्रधार तरुण गुप्ता और नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता रहे। सभी 51 नवदंपत्तियों को गृहस्थी का आवश्यक सामान भेंट कर सम्मानपूर्वक विदा किया गया। यह आयोजन सादगी, समानता और सहयोग की भावना को बढ़ावा देने वाला रहा और जामताड़ा में सेवा व सामाजिक समरसता की प्रेरणादायक मिसाल बना।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।