Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में मंगलवार रात हुई हिंसक वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी। छायानगर स्थित डब्बा लाइन सामुदायिक भवन के सामने दो युवकों पर धारदार हथियार से हमला कर उन्हें गोली मार दी गई। बताया जा रहा है कि चंडीनगर निवासी नंदू लोहार (25) और उसका दोस्त सन्नी पुष्टि उर्फ जगन्नाथ (22) पर हमलावरों ने पहले चापड़ से ताबड़तोड़ हमला किया, फिर फायरिंग की। घटना रात करीब 9:30 बजे की है। हमले में सन्नी को एक आंख में गोली लगी है और उसके सिर व हाथ में गंभीर जख्म हैं। वहीं नंदू के सिर, छाती और हाथ पर गहरे घाव हैं। दोनों को टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया है, जहां सन्नी की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मौके से 2 पिलेट, 2 खोखा, 3 जोड़ी चप्पल, खून से सने कपड़े बरामद किए हैं।
पुरानी रंजिश बनी वजह
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह हमला दो गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई और रामनवमी के दौरान हुए विवाद का नतीजा है। पीड़ित पक्ष ने पाल भुइयां, संजय भुइयां, आजाद भुइयां, करण समेत अन्य लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है। परिजनों के मुताबिक, रामनवमी के दिन नंदू की बहन के साथ छेड़खानी की गई थी। विरोध करने पर आरोपियों ने नंदू और उसके दोस्त के साथ मारपीट की थी। इस मामले की शिकायत पुलिस में की गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
यह भी पढ़ें: झारखंड के पंचायतों को बड़ी सौगात: 15वें वित्त आयोग से 2254 करोड़ रुपये मिले
कैसे हुई वारदात
घटना के समय नंदू अपने दोस्त का जन्मदिन मनाने घर से निकला था। हमले के बाद सन्नी मौके पर ही गिर गया, जबकि नंदू घायल अवस्था में करीब 50 मीटर तक भागकर घर पहुंचा और दरवाजे पर गिर पड़ा। उसकी आवाज सुनकर परिजन बाहर आए और उसे अस्पताल पहुंचाया।
इलाके में तनाव, पुलिस तैनात
घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। DSP भोला प्रसाद ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का बयान लिया।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।