हजारीबाग में बाइक सवार दंपत्ति पर ताबड़तोड़ फायरिंग, पत्नी की मौत; पति गंभीर

Rupa Kumari | April 27, 2026 | 10:49 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, हजारीबाग: हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र में रविवार रात अपराधियों ने बाइक सवार दंपत्ति पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। कोले रेलवे स्टेशन के पास हुए इस हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

घात लगाकर बैठे थे हमलावर

स्थानीय जानकारी के अनुसार दंपत्ति रविवार रात बाइक से जा रहे थे। जैसे ही वे कोले रेलवे स्टेशन के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें रोक लिया और बिना कुछ कहे फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगते ही महिला बाइक से गिर पड़ी और मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि पति गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा।

यह भी पढ़ें: पलामू में सिगरा पुल के पास मिला शव, रेलवे ट्रैक पर कटने से व्यक्ति की मौत

घायल पति को रिम्स रांची रेफर

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे। घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि घायल की स्थिति नाजुक बनी हुई है।

इलाके में दहशत, पुलिस जांच में जुटी

वारदात के बाद इलाके में डर का माहौल है। लोगों का कहना है कि अपराधी बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। सूचना मिलने के बाद केरेडारी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हमला आपसी रंजिश, लूटपाट या किसी पुरानी दुश्मनी के कारण हुआ। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share this news

संबंधित खबरें