गोड्डा रेल प्रोजेक्ट में बड़ा अपडेट, महगामा रूट पर पटरी बिछाने का काम शुरू

Rupa Kumari | April 20, 2026 | 02:47 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, गोड्डा: बहुप्रतीक्षित गोड्डा–महगामा–पीरपैंती रेल परियोजना ने अब रफ्तार पकड़ ली है। पहले चरण में गोड्डा से महगामा के बीच करीब 27.5 किलोमीटर लंबी रेल पटरी बिछाने का काम शुरू कर दिया गया है। निर्माण कार्य शुरू होने से लंबे समय से रेल कनेक्टिविटी का इंतजार कर रहे लोगों को राहत मिली है। परियोजना के तहत दियारा, नेपूरा और पंचकाठी मौजा क्षेत्रों में ट्रैक बिछाने का काम तेजी से किया जा रहा है। जमीन अधिग्रहण के बाद निर्माण स्थल के आसपास बाउंड्री वॉल भी बनाई जा रही है, ताकि कार्य में किसी तरह की बाधा न आए।

पथरगामा और महगामा को मिलेगा फायदा

इस रेल लाइन के शुरू होने से गोड्डा के साथ पथरगामा और महगामा क्षेत्र सीधे रेलवे नेटवर्क से जुड़ जाएंगे। इससे यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, वहीं स्थानीय व्यापार और परिवहन को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों के अनुसार, दूसरे चरण में महगामा से पीरपैंती तक रेल पटरी बिछाई जाएगी। पूरी परियोजना लगभग 62 किलोमीटर लंबी होगी, जो आगे चलकर पूर्वी भारत के रेल नेटवर्क से बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। परियोजना को वर्ष 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। अधिकांश जमीन का अधिग्रहण हो चुका है, जबकि कुछ सरकारी जमीन से संबंधित प्रक्रिया अभी जारी है।]

यह भी पढ़ें: झालमुड़ी पर सियासी बवाल: पीएम मोदी के ‘स्नैक ब्रेक’ के बाद हेमंत-कल्पना सोरेन की रैली रद्द

विकास को मिलेगा बढ़ावा

रेल लाइन पूरी होने के बाद क्षेत्र में व्यापार, रोजगार और आवाजाही को बड़ा लाभ मिलने की संभावना है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस परियोजना से इलाके की सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों में भी तेजी आएगी। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, अगले 15–20 दिनों में मिट्टी भराई का काम भी शुरू कर दिया जाएगा। फिलहाल साइट पर निर्माण सामग्री डंप करने और फाउंडेशन का कार्य जारी है, जिससे परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाया जा सके।

Share this news

संबंधित खबरें