लूट की कोशिश में बदमाश की मौत, साथियों की गोली से गई जान

Rupa Kumari | April 24, 2026 | 03:45 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, देवघर: देवघर में देर रात लूट की कोशिश के दौरान एक बदमाश की गोली लगने से मौत हो गई। चौंकाने वाली बात यह रही कि गोली किसी और ने नहीं, बल्कि उसके ही साथियों की ओर से चलाई गई, जो गलती से उसे लग गई। घटना मोहनपुर थाना क्षेत्र के देवघर-गोड्डा मुख्य पथ पर जयपुर मोड़ के पास हुई, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

शीतल पेय कंपनी की गाड़ी को बनाया निशाना

जानकारी के अनुसार, रांची से साहिबगंज जा रही एक शीतल पेय कंपनी की मालवाहक गाड़ी को चार अपराधियों ने निशाना बनाया। सभी बदमाश एक फॉर्च्यूनर वाहन से पहुंचे और मालवाहक वाहन को रोककर चालक के साथ मारपीट की। इसके बाद वे गाड़ी में मौजूद सामान और नकदी लूटने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान अपराधियों में अफरा-तफरी मच गई।

यह भी पढ़ें: झारखंड में 1249 करोड़ से बनेंगे 4 नए मेडिकल कॉलेज, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बड़ा विस्तार

साथियों की गोली से घायल हुआ बदमाश

लूटपाट के दौरान एक अपराधी ने फायरिंग की, लेकिन गोली उसके ही साथी को लग गई। सीने में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घबराए साथी उसे फॉर्च्यूनर में डालकर देवघर सदर अस्पताल ले गए और वहां छोड़कर फरार हो गए। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

रिश्तेदार हिरासत में, तीन आरोपी फरार

अस्पताल में घायल को छोड़ने के कुछ देर बाद एक युवक वहां पहुंचा, जिस पर शक होने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में मृतक की पहचान राजन कुमार लाल के रूप में हुई, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला बताया जा रहा है और देवघर के नंदन पहाड़ इलाके के पास रह रहा था। पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्तौल और एक खोखा बरामद किया है। मालवाहक वाहन को भी जब्त कर चालक मोहम्मद मंजूर से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल तीन आरोपी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। मृतक के पिता दिनेश लाल ने बेटे की मौत को लेकर साजिश की आशंका जताई है। उन्होंने पुलिस को कुछ लोगों के नाम भी बताए हैं। पुलिस लूट, हत्या और संभावित साजिश तीनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Share this news

संबंधित खबरें