Samachar Post रिपोर्टर,बोकारो :बोकारो जिले के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मायके जाने की बात पर हुए विवाद में एक पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पति शव के पास ही सो गया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना चाकुलिया टोला, रामडीह गांव की बताई जा रही है। मृतका की पहचान 25 वर्षीय शानु देवी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका पति विकास रजवार है। जानकारी के अनुसार, शनिवार रात पत्नी ने मायके जाने की इच्छा जताई, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने सो रही पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें :गिरिडीह में दो लूटकांड का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार; गांजा, नकदी और मोबाइल बरामद
हत्या के बाद शराब पीकर लौटा आरोपी
ग्रामीणों के मुताबिक आरोपी विकास रजवार शराब का आदी था और अक्सर नशे में झगड़ा करता था। हत्या के बाद वह कुछ देर घर से बाहर गया, फिर शराब पीकर लौटा और खून से सने शव के पास ही सो गया। रविवार सुबह जब काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला, तो परिजन अंदर पहुंचे। कमरे का नजारा देखकर सभी स्तब्ध रह गए। शानु देवी खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थीं। पूछताछ करने पर आरोपी ने खुद ही हत्या की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
सूचना मिलते ही पिंड्राजोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद और नशे की हालत में की गई हत्या का प्रतीत होता है। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि एक मामूली विवाद ने पूरे परिवार को बर्बाद कर दिया। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
Reporter | Samachar Post