गिरिडीह में दो लूटकांड का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार; गांजा, नकदी और मोबाइल बरामद

Rupa Kumari | April 26, 2026 | 04:36 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह: गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लूटे गए मोबाइल, नकदी और अन्य सामान के साथ बड़ी मात्रा में गांजा भी बरामद किया है।

दो अलग-अलग वारदातों में राहगीरों को बनाया था निशाना

पुलिस के अनुसार 11-12 अप्रैल 2026 की रात करीब 1 बजे बस स्टैंड रोड स्थित न्यू परिसदन भवन के पास राहगीरों से लूट की घटना हुई थी। इस मामले में नगर थाना कांड संख्या 88/26 दर्ज किया गया था। इसके बाद 16 अप्रैल की रात अमित कुमार लकड़ा से बैग, कपड़े और 8,500 रुपये नकद छीन लिए गए। इस घटना को लेकर कांड संख्या 91/26 दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें: स्कूटी पर घूम-घूमकर ब्राउन शुगर बेच रहा युवक गिरफ्तार, सिमडेगा पुलिस की कार्रवाई

देवघर से आरोपी गिरफ्तार, सामान बरामद

एसपी के निर्देश पर गठित टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर न्यू चुड़ी मोहल्ला निवासी 20 वर्षीय आरोपी अफरोज शेख को देवघर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने दोनों घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर लूटे गए मोबाइल फोन, पर्स, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड समेत अन्य कागजात और नगदी बरामद किए गए।

छापेमारी में गांजा और नशीली गोली भी मिली

इसी क्रम में 25 अप्रैल को पुलिस ने न्यू चुड़ी मोहल्ला में छापेमारी कर स्वानी कुरैशी के घर से करीब 1575 ग्राम गांजा, 50 पीस नशीली गोली और 3000 रुपये नकद बरामद किया। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कांड संख्या 96/26 दर्ज किया गया है। हालांकि दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

आरोपी का आपराधिक इतिहास भी आया सामने

गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है और उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। पूरी कार्रवाई एसडीपीओ सदर के नेतृत्व में नगर थाना पुलिस टीम ने की, जिसमें थाना प्रभारी समेत पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Share this news

संबंधित खबरें