Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 50 किलो गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा की कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में सोनारी निवासी भीम यादव और भोजपुर जिले के बरहरा निवासी राजकुमार पाल शामिल हैं। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें :33% महिला आरक्षण पर विधायक मंजू देवी का बयान, बोलीं- महिलाओं को मिलेंगे अधिक अवसर
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
रूरल एसपी ऋषभ गर्ग के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा के रास्ते एक कार में गांजा तस्करी कर बहरागोड़ा लाया जा रहा है। इसके बाद घाटशिला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर इलाके में घेराबंदी की गई। जांच के दौरान एक संदिग्ध टाटा पंच कार को रोककर तलाशी ली गई। कार की डिक्की से 25 पैकेट में करीब 50 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से कार, दो मोबाइल फोन और 3482 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि गांजा चिल्का झील के पास बाराकुल क्षेत्र से खरीदा गया था। इसे झारखंड और बिहार में खपाने की योजना थी।
गिरोह के सरगना की तलाश
पुलिस के अनुसार, इस तस्करी गिरोह के सरगना की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।
Reporter | Samachar Post