झारखंड में मौसम ने ली करवट, 15 जिलों में गरज-चमक और तेज हवा का यलो अलर्ट

Rupa Kumari | March 11, 2026 | 10:31 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : बांग्लादेश के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर झारखंड के मौसम पर अब साफ दिखाई दे रहा है। मंगलवार को राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ले ली। दोपहर बाद आसमान में घने बादल छा गए और शाम तक झमाझम बारिश शुरू हो गई। दो घंटे की बारिश में रांची में लगभग 9 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। बारिश के साथ ही शहर के आसपास कांके और रातू क्षेत्र में तेज हवा चली और कई जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई। तेज हवा और बारिश के कारण मौसम में ठंडक घुल गई और लोगों को अचानक बढ़ रही गर्मी से राहत मिली। दिनभर बादलों की आवाजाही और ठंडी हवा के कारण शहर का माहौल सुहावना बना रहा।

तापमान में गिरावट

मौसम में बदलाव का असर तापमान पर भी देखा गया। रांची का अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पहले के मुकाबले 2.8 डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम विभाग ने हालांकि कहा कि फिलहाल तापमान में बहुत ज्यादा गिरावट की संभावना नहीं है।

यह भी पढ़ें: बोकारो : पुलिस टीम पर हमला, कार में लगी आग, युवक कुणाल सिंह लापता

15 जिलों में यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने बुधवार को रांची समेत राज्य के 15 जिलों में मेघ गर्जन, तेज हवा और वज्रपात की संभावना जताई है। इसे देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में शामिल हैं: खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज। इन जिलों में तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है, खासकर आंधी-तूफान के दौरान खुले स्थानों में खड़े होने और पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचने को कहा गया है।

तापमान फिर बढ़ने का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में तापमान में लगभग 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। इससे आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। हालांकि, फिलहाल हुई बारिश और ठंडी हवा से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है।

सुबह कोहरे से प्रभावित हुई हवाई सेवा

मंगलवार सुबह रांची में धुंध और कोहरे की स्थिति बनी रही। घने कोहरे के कारण सुबह की हवाई सेवाएं प्रभावित हुईं। एक विमान को खराब दृश्यता के कारण रांची के बजाय कोलकाता डायवर्ट करना पड़ा।

मौसम में आगे का अनुमान

मौसम विभाग ने बताया कि 13 और 14 मार्च को आसमान साफ रहने और मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है, जिससे उमस भी बढ़ सकती है। विभाग ने चेतावनी दी कि 15 और 16 मार्च से फिर मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। सुबह कोहरा और दिन में बादल छाए रहने की संभावना है, साथ ही राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और मेघ गर्जन भी हो सकता है।

Share this news

संबंधित खबरें