Samachar Post डेस्क, रांची : बिहार के लखीसराय में री-नीट परीक्षा के दौरान पकड़े गए कथित सॉल्वर गैंग की जांच में झारखंड का कनेक्शन सामने आने से शिक्षा जगत में सनसनी फैल गई है। मामले में झारखंड की दो छात्राओं की गिरफ्तारी हुई है, जिनमें एक पूर्व स्टेट टॉपर भी शामिल है। जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार छात्राओं में गिरिडीह की पूनम कुमारी और पलामू की चंचल कुमारी शामिल हैं। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि पूनम कुमारी वर्ष 2021 की झारखंड इंटर साइंस परीक्षा की स्टेट टॉपर रह चुकी हैं। एक मेधावी छात्रा का नाम इस मामले में सामने आने के बाद पूरे प्रकरण को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
री-नीट परीक्षा के दौरान 30 लोग पकड़े गए
लखीसराय पुलिस की कार्रवाई में री-नीट परीक्षा के दौरान कुल 30 लोगों को हिरासत में लिया गया है। इनमें नौ मेडिकल कॉलेजों के छात्र भी शामिल हैं। आरोप है कि ये छात्र दूसरे अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा देने या परीक्षा से जुड़े अनियमित कार्यों में शामिल थे। पुलिस के अनुसार, गिरिडीह जिले के बरमसिया गांव की रहने वाली पूनम कुमारी वर्तमान में बीएचयू में बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रही हैं। वहीं पलामू जिले के सियरभूका गांव की चंचल कुमारी ओडिशा के बलांगीर गवर्नमेंट आयुर्वेदिक कॉलेज में बीएएमएस अंतिम वर्ष की छात्रा हैं।
यह भी पढ़ें: रांची में ब्राउन शुगर तस्करी का खुलासा, 18.66 ग्राम नशीला पदार्थ के साथ दो गिरफ्तार

जांच के दायरे में पूरा नेटवर्क
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि सॉल्वर गैंग का दायरा कई राज्यों तक फैला हो सकता है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। री-नीट परीक्षा में कथित धांधली से जुड़े इस मामले ने एक बार फिर प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं झारखंड की दो छात्राओं, खासकर एक पूर्व स्टेट टॉपर का नाम सामने आने से मामला और अधिक चर्चाओं में आ गया है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

