पीएम मोदी और फिनलैंड के राष्ट्रपति की द्विपक्षीय बैठक, यूक्रेन और मिडिल ईस्ट में शांति की अपील

Rupa Kumari | March 5, 2026 | 04:15 PM IST

Samachar Post डेस्क, रांची : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को दिल्ली में फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब के साथ द्विपक्षीय बैठक की। इस दौरान दोनों नेताओं ने वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की और खासतौर पर यूक्रेन और मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष को जल्द खत्म करने की जरूरत पर जोर दिया।

संवाद और कूटनीति पर जोर

बैठक के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि भारत और फिनलैंड दोनों ही कानून के शासन, संवाद और कूटनीति में विश्वास रखते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या का समाधान केवल सैन्य कार्रवाई से संभव नहीं है। मोदी ने स्पष्ट किया कि चाहे यूक्रेन का मुद्दा हो या मिडिल ईस्ट का, भारत हमेशा विवादों के शांतिपूर्ण समाधान और शांति स्थापित करने के प्रयासों का समर्थन करता रहेगा।

यह भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव: नितिन नवीन ने भरा नामांकन, अमित शाह और नीतीश कुमार रहे मौजूद

मिडिल ईस्ट की स्थिति पर चर्चा

बैठक में मिडिल ईस्ट की मौजूदा स्थिति पर भी चर्चा हुई। क्षेत्र में अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव को लेकर चिंता जताई गई। दोनों नेताओं ने क्षेत्र में स्थिरता और शांति कायम रखने के लिए कूटनीतिक प्रयासों को मजबूत करने की जरूरत बताई।

हाई-टेक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति

इस मुलाकात में भारत और फिनलैंड के बीच तकनीकी और आर्थिक सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति बनी। दोनों नेताओं ने डिजिटलाइजेशन और सस्टेनेबिलिटी के क्षेत्र में साझेदारी को मजबूत करने की बात कही। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, 6G टेलीकॉम, स्वच्छ ऊर्जा और क्वांटम कंप्यूटिंग जैसे हाई-टेक सेक्टर में सहयोग से दोनों देशों के रिश्तों को नई गति मिलेगी।

व्यापार और निवेश को मिलेगा बढ़ावा

पीएम मोदी ने कहा कि प्रस्तावित भारत-यूरोपीय फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) से भारत और फिनलैंड के बीच व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग को और मजबूती मिलेगी।

चार दिवसीय भारत दौरे पर स्टब

फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब चार दिवसीय भारत दौरे पर बुधवार को नई दिल्ली पहुंचे हैं। इस दौरे का उद्देश्य व्यापार, निवेश और उभरती प्रौद्योगिकियों समेत कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करना है।

Share this news

संबंधित खबरें