Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :जमशेदपुर में रविवार को दो अलग-अलग जगहों से शव मिलने की घटनाओं ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी। बिष्टुपुर क्षेत्र के धातकीडीह तालाब और डिमना लेक से एक युवक और एक महिला के शव बरामद हुए हैं। दोनों मामलों में मौत की वजह अब तक साफ नहीं हो पाई है, जिससे कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। पहला मामला बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धातकीडीह ए-ब्लॉक का है। यहां लाइन नंबर-7 निवासी 37 वर्षीय जीशान रियाज का शव रविवार सुबह बेल्डीह लेक से बरामद किया गया। जीशान पेशे से फुटबॉलर था और शुक्रवार शाम करीब 4 बजे से लापता था। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने झील में शव तैरता देखा, जिसके बाद परिवार को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर टाटा मेन हॉस्पिटल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, जीशान को नशे की लत थी, लेकिन उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई यह अभी भी रहस्य बना हुआ है।
यह भी पढ़ें :गिरिडीह में बेखौफ अपराधी: फायरिंग कर ज्वेलरी दुकानदार से लाखों के गहने लूटे
डिमना लेक से महिला का शव बरामद
दूसरी घटना डिमना लेक की है, जहां रविवार शाम करीब 4:30 बजे 43 वर्षीय संजू साहू का शव बरामद हुआ। महिला की पहचान उसके पर्स में मिले आधार कार्ड से हुई। पुलिस को पर्स से आधार कार्ड, तीन सिम कार्ड, कुछ नकदी बरामद हुई है। मृतका के पति देवानंद साहू, जो पेशे से टेंपो चालक हैं, ने बताया कि उनकी पत्नी रविवार सुबह करीब 11 बजे घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। चौंकाने वाली बात यह है कि वह अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गई थी। गौरतलब है कि चार दिन पहले भी डिमना लेक से करीब 40 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था, जिसकी अब तक पहचान नहीं हो सकी है।
जांच में जुटी पुलिस
दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। इन घटनाओं ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Reporter | Samachar Post