गिरिडीह में धड़ल्ले से चल रहा अवैध पत्थर खनन, प्रतिबंध के बावजूद जारी काम

Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह जिले के राजधनवार थाना क्षेत्र के खेरीडीह गांव में अवैध पत्थर खनन का मामला सामने आया है। आरोप है कि यहां स्थित “वारिश स्टोन” खदान में प्रशासनिक प्रतिबंध के बावजूद धड़ल्ले से खनन का काम जारी है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी अवैध खनन पर रोक नहीं लगाई जा रही है।

DGMS पहले ही लगा चुका है रोक

जानकारी के अनुसार, कोडरमा स्थित DGMS (डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ माइंस सेफ्टी) ने इस खदान के संचालन पर पहले ही रोक लगा दी थी। इसके अलावा गिरिडीह के खनन पदाधिकारी (DMO) ने भी मामले को गंभीर मानते हुए राजधनवार थाना और खोरीमहुआ के अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) को जांच कर प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया था। इसके बावजूद आरोप है कि खदान में खनन का काम अब भी जारी है।

यह भी पढ़ें: नामकुम में ‘उमंग दिवस’ की शुरुआत, किशोर-किशोरियों को स्वास्थ्य व सामाजिक मुद्दों पर किया गया जागरूक

विस्फोटक मंगाने का आरोप

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि शुक्रवार, 6 मार्च 2026 को खदान में अवैध रूप से करीब पांच कार्टून विस्फोटक मंगाए गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार इनका इस्तेमाल पत्थर तोड़ने के लिए किया जा सकता है। इस संबंध में ग्रामीणों ने प्रशासन को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों का विरोध जारी

खेरीडीह गांव के लोगों का कहना है कि वे लंबे समय से इस अवैध खनन के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। उनका आरोप है कि खदान में होने वाले विस्फोट और भारी मशीनों के संचालन से आसपास के लोगों को परेशानी होती है और पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच रहा है। इसके बावजूद खनन का काम बंद नहीं किया जा रहा है।

अवैध खनन रोकने के लिए बनी टास्क फोर्स

गिरिडीह के उपायुक्त राम निवास यादव ने जिले में अवैध खनन और बालू उत्खनन पर रोक लगाने के लिए एक विशेष टास्क फोर्स का गठन किया है। प्रशासन की ओर से सख्ती के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद जिले के कई इलाकों से अवैध खनन की शिकायतें सामने आती रहती हैं।

Share this news

संबंधित खबरें