धनबाद में पुलिस का अपराधियों को कड़ा संदेश, रंगदारी के आरोपी की कराई सरेआम परेड

Rupa Kumari | March 10, 2026 | 12:10 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद: झारखंड के धनबाद में पुलिस ने अपराधियों को सख्त संदेश देने के लिए रंगदारी और मारपीट के आरोपी की सरेआम परेड कराई। सोमवार शाम पुलिस ने आरोपी रौशन सिंह को गिरफ्तार करने के बाद शहर के प्रमुख इलाके में पैदल घुमाया, जिसे देखने के लिए रास्ते भर लोगों की भीड़ जुट गई।

मीट दुकान संचालक से की थी मारपीट

जानकारी के अनुसार 27 फरवरी को बरटांड़ के पास स्थित पांडे मीट हाउस में रोशन सिंह और उसके साथियों ने दुकान संचालक मंगल सिंह के साथ जमकर मारपीट की थी। घटना इतनी गंभीर थी कि मंगल सिंह बुरी तरह घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (SNMMCH) में भर्ती कराना पड़ा। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की।

यह भी पढ़ें: गुमला में हाथी का कहर: दीवार गिरने से 4 माह की बच्ची की मौत, मां-बहन घायल

शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

घटना के बाद पीड़ित मंगल सिंह ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस जांच में इस मामले में कुल पांच आरोपी सामने आए। इनमें से एक आरोपी को पहले ही जेल भेजा जा चुका था, जबकि बाकी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही थी।

गिरफ्तारी के बाद कराई गई परेड

सोमवार को पुलिस ने रोशन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे सिटी सेंटर से मधुलिका होटल तक पैदल घुमाते हुए ले गई। इस दौरान लोग रास्ते में रुककर यह नजारा देखते रहे।

पुलिस ने दिया सख्त संदेश

मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि इस कार्रवाई का उद्देश्य यह संदेश देना है कि कोई भी अपराधी अपराध करके बच नहीं सकता। उन्होंने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई को शहर में अपराधियों के लिए चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है, वहीं आम लोगों में भी कानून व्यवस्था को लेकर भरोसा बढ़ा है।

Share this news

संबंधित खबरें