Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : झारखंड के चक्रधरपुर रेल मंडल में मंगलवार को बड़ा रेल हादसा हुआ। मुर्गामहादेव रोड स्टेशन के पास कोयले से लदी एक मालगाड़ी के दो डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए। घटना दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद देवझर–बांसपानी रेलखंड की अप और डाउन दोनों लाइनें पूरी तरह बाधित हो गईं।
वंदे भारत समेत कई ट्रेनें फंसी
हादसे का असर कई अहम ट्रेनों पर पड़ा। वंदे भारत एक्सप्रेस (खुर्दा रोड–टाटा) को बांसपानी स्टेशन पर रोकना पड़ा, पुरी–बड़बिल इंटरसिटी बीच रास्ते में फंसी रही विशाखापट्टनम एक्सप्रेस को टाटानगर स्टेशन पर ही रोका गया, तेज गर्मी में यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
यह भी पढ़ें: एमजीएम कांड: 9 दिन से लापता मरीज का शव अस्पताल परिसर में मिला, परिजनों का हंगामा
टाटा–गुवा मेमू रद्द, कई ट्रेनों का रूट बदला
मालगाड़ी के डिरेल होने के बाद टाटा–गुवा मेमू (68003/68004) को पूरी तरह रद्द कर दिया गया। इसके अलावा कई ट्रेनों को बीच रास्ते से वापस किया गया या उनके रूट में बदलाव किया गया।
शॉर्ट टर्मिनेशन और आंशिक रद्दीकरण
पुरी–बड़बिल एक्सप्रेस को जरुली में ही समाप्त किया गया, बड़बिल–पुरी एक्सप्रेस देवझर में रोकी गई, हावड़ा–बड़बिल जनशताब्दी को टाटानगर में शॉर्ट टर्मिनेट किया गया। बड़बिल–हावड़ा ट्रेन को टाटा से ही वापस भेजा गया। पुरी–टाटा वंदे भारत को बांसपानी में रोका गया। टाटा–ब्रह्मपुर ट्रेन को रीशेड्यूल कर शाम 8:20 बजे किया गया।
राहत कार्य तेज, क्रेन और एक्सीडेंट ट्रेन मौके पर
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन ने तेजी से राहत कार्य शुरू किया। चक्रधरपुर से 140 टन की भारी क्रेन और डांगुवापोसी से एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन को मौके पर भेजा गया। कोयले से लदी मालगाड़ी के डिब्बों को पटरी पर चढ़ाने में तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं, लेकिन काम युद्धस्तर पर जारी है।
व्यस्त मालवाहक रूट पर बड़ा असर
देवझर–बांसपानी रेलखंड इस क्षेत्र का सबसे व्यस्त मालवाहक रूट माना जाता है, जहां से लौह-अयस्क और कोयले की बड़े पैमाने पर ढुलाई होती है। ऐसे में इस रूट के बाधित होने से माल परिवहन भी प्रभावित हो सकता है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें। इस रूट पर सामान्य स्थिति बहाल होने में समय लग सकता है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।