Samachar Post रिपोर्टर, चतरा : जिले के पिपरवार थाना क्षेत्र में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 12 वर्षीय रितिका कुमारी के अचानक लापता होने की खबर फैल गई। मामला बचरा बसंत विहार कॉलोनी के पीछे स्थित खटाल कॉलोनी का है। बच्ची के गायब होने की सूचना मिलते ही परिजनों ने तत्काल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद इलाके में चिंता और तनाव का माहौल बन गया। कुछ लोगों ने बच्चा चोरी की आशंका भी जताई। थाना प्रभारी अभय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया। कई घंटों तक खोजबीन के बाद पुलिस को सफलता मिली।
पलंग के नीचे छिपी मिली बच्ची
तलाशी के दौरान बच्ची अपने ही एक रिश्तेदार के घर में पलंग के नीचे छिपी हुई मिली। पूछताछ में रितिका ने बताया कि वह परीक्षा के डर से घर से निकल गई थी। इधर-उधर भटकने के बाद घबराहट में वह अपने फूफा के घर पहुंची और वहीं छिप गई।
यह भी पढ़ें: बोकारो में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार गाड़ी की टक्कर से महिला की मौत, पति गंभीर
पुलिस की अपील
बालिका की सकुशल बरामदगी के बाद परिवार और पुलिस ने राहत की सांस ली। थाना प्रभारी ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों पर परीक्षा को लेकर अनावश्यक दबाव न डालें और उनसे खुलकर संवाद करें, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। हालांकि कुछ घंटों तक इलाके में दहशत का माहौल रहा, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामला शांतिपूर्ण ढंग से सुलझ गया।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।