Samachar Post रिपोर्टर,देवघर :देवघर में अपराध पर नियंत्रण के लिए पुलिस अब और सख्त हो गई है। बुधवार को आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक में एसपी सौरभ ने निर्देश दिया कि खतरनाक अपराधियों का हर सप्ताह फिजिकल वेरिफिकेशन किया जाए, ताकि उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा सके। इस बैठक में जिले के सभी थाना प्रभारी, डीएसपी और एसडीपीओ मौजूद रहे। एसपी ने सभी अधिकारियों को कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने को कहा। साथ ही पुलिसकर्मियों और मुखबिरों को बेहतर प्रशिक्षण देने पर भी जोर दिया गया।
यह भी पढ़ें :रांची में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में महिलाओं की स्कूटी रैली, सड़कों पर दिखा जोश
अपराधियों की तीन कैटेगरी बनाई जाएंगी
एसपी सौरभ ने अपराधियों को उनके अपराध की गंभीरता के आधार पर तीन श्रेणियों में बांटने का निर्देश दिया:
श्रेणी A: सबसे खतरनाक अपराधी
श्रेणी B: मध्यम स्तर के अपराधी
श्रेणी C: छोटे अपराधों में शामिल लोग
उन्होंने विशेष रूप से श्रेणी A के अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा।
लंबित मामलों के निपटारे पर जोर
बैठक में पुराने और लंबित मामलों को जल्द से जल्द निपटाने पर भी फोकस किया गया। एसपी ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि अपराधी कानून की ढिलाई का फायदा न उठा सकें। एसपी ने स्पष्ट कहा कि फरार अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। जरूरत पड़ने पर उनकी संपत्ति जब्त करने जैसे कदम भी उठाए जाएं, जिससे अपराधियों पर दबाव बनाया जा सके।
साइबर अपराध पर भी नजर
देवघर में बढ़ते साइबर अपराध को देखते हुए पुलिस को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने पर जोर दिया गया। आधुनिक तकनीक के जरिए साइबर अपराधियों पर नजर रखने की रणनीति अपनाने की बात कही गई। फिलहाल देवघर में साइबर अपराध और अन्य आपराधिक गतिविधियां पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई हैं। ऐसे में पुलिस की इस नई रणनीति का असर आने वाले समय में देखने को मिलेगा।
Reporter | Samachar Post