पाकुड़ में भीषण सड़क हादसा: ट्रैक्टर से टक्कर में युवक की मौत, दो गंभीर

Rupa Kumari | February 28, 2026 | 12:07 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, पाकुड़ : झारखंड के पाकुड़ जिले में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना महेशपुर थाना क्षेत्र के बलियाडंगाल चौक के पास की है। मृतक की पहचान गोपीकांदर थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव निवासी प्रवीण हेंब्रम के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

बालू लदे ट्रैक्टर से आमने-सामने टक्कर

जानकारी के अनुसार तीनों युवक बाइक से महेशपुर गए थे और देर रात अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बलियाडंगाल चौक के पास उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर बालू लदे एक ट्रैक्टर से हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। प्रवीण हेंब्रम ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए।

यह भी पढ़ें: गोड्डा के हनवारा में दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ्तार ने ली 28 वर्षीय युवक की जान

दो युवक अस्पताल में भर्ती

हादसे में सलमेश हेंब्रम गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि तीसरे युवक की पहचान प्रारंभिक समय में नहीं हो सकी। दोनों घायलों को इलाज के लिए महेशपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

ग्रामीणों में आक्रोश, सुरक्षा पर सवाल

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क पर बालू लदे ट्रैक्टरों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। रात के समय तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जाए, स्पीड कंट्रोल के उपाय किए जाएं और पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि ऐसे हादसों पर रोक लग सके।

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही महेशपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें