Samachar Post रिपोर्टर, पाकुड़ : पाकुड़ जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र स्थित बेलपहाड़ी गांव में एक 25 वर्षीय युवक के लापता होने से इलाके में चिंता का माहौल है। आशंका जताई जा रही है कि युवक बंद पड़ी खदान के गहरे पानी में डूब गया है। प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर खोजबीन में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार, बेलपहाड़ी गांव निवासी स्वर्गीय सुबोध पहाड़िया के पुत्र राम पहाड़िया मंगलवार दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच गांव के पास स्थित एक बंद खदान में नहाने के लिए गया था। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। शुरुआत में परिवार वालों ने सोचा कि वह किसी काम से कहीं रुक गया होगा, लेकिन देर शाम तक उसके घर नहीं पहुंचने पर उसकी तलाश शुरू की गई।
खदान किनारे मिले कपड़े और साबुन
तलाश के दौरान परिजन खदान के पास पहुंचे, जहां उन्हें युवक के कपड़े और साबुन पड़े मिले। हालांकि राम पहाड़िया का कोई पता नहीं चल सका। कपड़े मिलने के बाद परिवार ने आशंका जताई कि नहाने के दौरान वह खदान के गहरे पानी में डूब गया होगा। इसके बाद घटना की सूचना तुरंत पुलिस और प्रशासन को दी गई। मिलते ही हिरणपुर थाना प्रभारी विनय कुमार, बीडीओ दिलीप टुडू और अंचलाधिकारी मनोज कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लेकर युवक की तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू कराया। स्थानीय लोगों की मदद से खदान और उसके आसपास खोजबीन की जा रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं मिला था।
यह भी पढ़ें: मैथन डैम में बड़ा नाव हादसा टला, चट्टान से टकराकर क्षतिग्रस्त हुई नाव; 14 पर्यटक सुरक्षित
गहरी खदान बनी चुनौती
ग्रामीणों के अनुसार, जिस खदान में युवक के डूबने की आशंका है वह काफी पुरानी और अत्यंत गहरी है। वर्षों से बंद पड़ी इस खदान में बारिश का पानी जमा होने से जलस्तर बढ़ गया है, जिससे खोज अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में कई युवक और बच्चे यहां नहाने पहुंच जाते हैं, जबकि यह स्थान बेहद जोखिम भरा है।

गांव में चिंता का माहौल
राम पहाड़िया के लापता होने की खबर से पूरे बेलपहाड़ी गांव में मायूसी छा गई है। परिजन उसके सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं, जबकि बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर जुटे हुए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बंद खदानों, गहरे जलाशयों और खतरनाक जल स्रोतों के पास जाने से बचें, क्योंकि ऐसे स्थानों पर नहाना या तैरना जानलेवा साबित हो सकता है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

