Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची के हरमू रोड स्थित भारत माता चौक के पास बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। स्कूली बच्चों को लेकर जा रहा एक ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। दुर्घटना के समय ऑटो में 10 से अधिक छात्र सवार थे, जो स्कूल जा रहे थे। सभी बच्चे डीएवी कपिलदेव पब्लिक स्कूल के छात्र बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ऑटो में फंसे बच्चों को बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही लोगों की भीड़ जुट गई।
आई-कार्ड से हुई पहचान, अभिभावकों को दी गई सूचना
दुर्घटना के बाद बच्चों के स्कूल आई-कार्ड के आधार पर उनके अभिभावकों को सूचना दी गई। खबर मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। घायल बच्चों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार कुछ बच्चों के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में हल्की चोटें आई हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि सभी छात्र फिलहाल सुरक्षित हैं और किसी की हालत गंभीर नहीं बताई जा रही है।

यह भी पढ़ें: बिहार कोचिंग विवाद में NHRC की एंट्री, पटना SSP से दो सप्ताह में मांगी रिपोर्ट
दुर्घटना की वजह तलाश रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल ऑटो के अनियंत्रित होकर पलटने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है और दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए हरमू रोड पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

