- रांची में जोर-शोर से चल रही अंतरराष्ट्रीय फिल्म की शूटिंग
Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड की राजधानी रांची इन दिनों अंतरराष्ट्रीय सिनेमा के नक्शे पर खास पहचान बना रही है। यहां बहुप्रतीक्षित इंटरनेशनल फिल्म ‘मुर्गा ट्रॉफी’ की शूटिंग तेजी से चल रही है। फिल्म में सुपरस्टार दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ मुख्य भूमिका निभा रहे हैं, जबकि निर्देशन की कमान शशि वर्मा ने संभाली है। यह फिल्म न केवल भारतीय सिनेमा को वैश्विक मंच पर ले जाएगी, बल्कि झारखंड की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक पहचान को भी दुनिया के सामने प्रस्तुत करेगी।
निरहुआ के लिए खास है यह फिल्म
मुख्य अभिनेता निरहुआ ने कहा कि यह प्रोजेक्ट उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने कहा, “करीब दो दशकों के अभिनय करियर में पहली बार मैं किसी अंतरराष्ट्रीय फिल्म का हिस्सा बना हूं। ‘मुर्गा ट्रॉफी’ के जरिए मेरा यह सपना पूरा हो रहा है।”
यह भी पढ़ें: दुमका में दर्दनाक हादसा, अलाव तापते समय दो महिलाओं की जलकर मौत
रांची की संस्कृति और प्रकृति बनेगी कहानी की आत्मा
निर्देशक शशि वर्मा ने बताया कि फिल्म की कहानी में रांची और झारखंड की स्थानीय संस्कृति, जीवनशैली और प्राकृतिक सौंदर्य को प्रमुखता से दिखाया गया है। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों का सहयोग और लोकेशन्स की खूबसूरती शूटिंग को यादगार बना रही है।
मजबूत स्टारकास्ट और तकनीकी टीम
फिल्म में निरहुआ के साथ प्रद्युम्न नायक और बाल कलाकार शौर्य राज भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म के निर्माता सुजीत उपाध्याय और विजया लक्ष्मी का कहना है कि यह प्रोजेक्ट झारखंड को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता का संगीत, बॉलीवुड का अनुभव
फिल्म का संगीत राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता नंदलाला ने तैयार किया है, जबकि आर्ट और प्रोडक्शन डिज़ाइन की जिम्मेदारी बॉलीवुड के जाने-माने डिज़ाइनर प्रभात ठाकुर ने संभाली है।
कई लोकेशन्स पर होगी शूटिंग
बीते 12 दिनों से फिल्म की शूटिंग बुंडू और आसपास के इलाकों में चल रही है। आने वाले दिनों में टीम जमशेदपुर, टाटा और रांची के अन्य हिस्सों में भी शूटिंग करेगी, ताकि झारखंड की असली आत्मा फिल्म में पूरी तरह उभरकर सामने आ सके। ‘मुर्गा ट्रॉफी’ के जरिए झारखंड पहली बार अंतरराष्ट्रीय सिनेमा के मंच पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने की तैयारी में है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।