Samachar Post डेस्क, रांची :लोकसभा में चुनाव सुधार पर चल रही अहम चर्चा के दौरान विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को केंद्र सरकार और आरएसएस पर तीखा हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा कि देश के सभी महत्वपूर्ण संस्थानों विश्वविद्यालयों से लेकर जांच एजेंसियों और चुनाव आयोग तक पर एक संगठन का कब्जा है।
यह भी पढ़ें :संसद सत्र के बीच राहुल गांधी जर्मनी जाएंगे, BJP ने साधा निशाना
संसद में हंगामा: VC की नियुक्ति पर निशाना
राहुल गांधी ने बोलना शुरू करते ही विश्वविद्यालयों के कुलपतियों की नियुक्ति को लेकर विवादित टिप्पणी कर दी। उन्होंने कहा कि देशभर में सभी VC आरएसएस से जुड़े हुए हैं। इस पर सत्ता पक्ष के सांसदों ने जोरदार आपत्ति जताई और सदन में हंगामा होने लगा। स्पीकर ओम बिड़ला ने राहुल को विषय पर रहने की नसीहत दी और कहा कि किसी संगठन का नाम न लें।
रिजिजू का तंज: अगर विषय पर नहीं बोलेंगे तो समय क्यों बर्बाद?
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने नाराजगी जताते हुए कहा कि विपक्ष के नेता को सुनने के लिए सभी मौजूद हैं, लेकिन अगर वह चुनाव सुधार पर नहीं बोलते, तो सदन का समय क्यों खराब किया जा रहा है?
सीबीआई–ईडी और चुनाव आयोग पर भी कब्जा- राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि न सिर्फ विश्वविद्यालय, बल्कि सीबीआई और ईडी जैसी जांच एजेंसियों पर भी आरएसएस से जुड़े लोगों का कब्जा है। राहुल ने दावा किया चुनाव आयोग को भी एक संस्था नियंत्रित कर रही है। भाजपा चुनाव आयोग का इस्तेमाल लोकतंत्र को कमजोर करने के लिए कर रही है। इसके सबूत मेरे पास हैं।
चुनाव आयोग की नियुक्ति प्रक्रिया पर सवाल
राहुल ने आरोप लगाया कि दिसंबर 2023 में सरकार ने नियम बदलकर मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति प्रक्रिया से CJI को बाहर कर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी चुनाव आयुक्त को दंडित नहीं किया जा सकता यह प्रावधान भी सरकार ने ही बनाया है।
वोट चोरी एंटी–नेशनल काम है- राहुल गांधी
राहुल गांधी ने चुनाव सुधारों की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि मशीन रीडेबल वोटर लिस्ट चुनाव से 1 माह पहले सभी दलों को दी जाए। सीसीटीवी फुटेज डिलीट करने का नियम बदला जाए। वोट चोरी देश के खिलाफ काम है। उन्होंने दावा किया कि बिहार की वोटर लिस्ट में 1,22,000 डुप्लीकेट फोटो मिले हैं। हरियाणा में एक ब्राजीलियाई महिला की फोटो 22 बार वोटर लिस्ट में छपी है, यह भी उन्होंने उदाहरण के तौर पर बताया।
Reporter | Samachar Post