रिम्स के एमबीबीएस व बीडीएस छात्रों को अब एम्स की तर्ज पर मिलेगा स्टाइपेंड, खरीदी जाएगी ब्लड मोबाइल यूनिट

Rupa Kumari | September 19, 2025 | 10:57 AM IST
  • रिम्स की वित्त एवं लेखा समिति की बैठक में 15 प्रस्तावों पर चर्चा, अधिकांश पर लगी मुहर

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : रिम्स की स्थायी वित्त एवं लेखा समिति की अहम बैठक गुरुवार को अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में कुल 15 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गई, जिनमें अधिकांश को स्वीकृति दी गई।बैठक में यह निर्णय लिया गया कि संस्थान में सहायक प्राध्यापक और वरीय रेजिडेंट के 9 नए पदों पर तत्काल नियुक्ति होगी। साथ ही अन्य रिक्त पदों को भी जल्द भरा जाएगा। समिति ने रिम्स द्वारा सृजित किए जाने वाले नए पदों के लिए स्पष्ट वेतनमान और शैक्षणिक योग्यता प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।

यह भी पढ़ें : राज्य में आईपीएस अधिकारियों के तबादले: रांची को मिला नया SSP, कई जिलों में बदलाव

अब रिम्स में एमबीबीएस और बीडीएस छात्रों को एम्स की तर्ज पर मिलेगा स्टाइपेंड

बैठक के दौरान छात्र हित में एक बड़ा फैसला लेते हुए समिति ने एम्स नई दिल्ली की तर्ज पर रिम्स के एमबीबीएस और बीडीएस छात्रों के स्टाइपेंड में वृद्धि को मंजूरी दी। इसके अलावा ब्लड मोबाइल ट्रांसपोर्टेशन वैन खरीदने की अनुमति भी दी गई। बैठक में 2023-24 के वार्षिक लेखा विवरण को सिद्धांततः अनुमोदित किया गया, हालांकि अंतिम मंजूरी भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) से लेने का निर्णय हुआ। रिम्स को निर्देश दिया गया कि रिनपास की तरह ही सभी इमारतों का आधुनिकीकरण किया जाए, ताकि मरीजों को बेहतर सुविधा मिल सके।

जर्जर बीएसएनएल भवन को तोड़कर बनेगा ट्रॉमा सेंटर, मिली मंजूरी

महत्वपूर्ण फैसले में यह भी शामिल रहा कि रिम्स परिसर स्थित जर्जर बीएसएनएल भवन को गिराकर उसकी जगह ट्रॉमा सेंटर बनाया जाएगा। इस भवन को पहले ही भवन निर्माण विभाग ने कंडम घोषित कर दिया है। इन सबके अलावा बैठक के दौरान अपर मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिया कि टेंडर प्रक्रिया से पहले ही सभी प्रस्ताव समिति के समक्ष लाए जाएं। टेंडर के बाद किसी मामले पर विचार नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही रिम्स में एचएमआईएस प्रणाली सी-डैक के माध्यम से लागू करने और दो स्थानों पर उच्च गुणवत्ता वाली कैंटीन सेवाएं शुरू करने का भी निर्णय लिया गया।

Share this news

संबंधित खबरें