XLRI की सामर्थ्य टीम ने ‘पाखी’ कार्यक्रम के जरिए किशोरियों को माहवारी स्वच्छता पर किया जागरूक

Rupa Kumari | September 16, 2025 | 11:49 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर : XLRI जमशेदपुर की सामाजिक पहल ‘सामर्थ्य’ ने अपनी प्रमुख जागरूकता अभियान ‘पाखी’ का आयोजन केरला पब्लिक स्कूल, कदमा में किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को माहवारी स्वच्छता संबंधी जानकारी देना, उनसे जुड़े मिथकों को तोड़ना और उन्हें आत्मविश्वासी बनाना था।

मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज का सहयोग

इस बार का आयोजन मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज (MTMC), जमशेदपुर के सहयोग से हुआ। कार्यक्रम में 11 वर्ष और उससे अधिक आयु की लगभग 120 छात्राओं ने हिस्सा लिया।

यह भी पढ़ें : जामताड़ा में युवक की लाश मिलने से सनसनी, जमीन विवाद में हत्या का आरोप

इंटरैक्टिव सत्र और खुली बातचीत

इंटरैक्टिव सत्र का संचालन एमटीएमसी की छात्रा रुहानी और अंजन समेत चार स्वयंसेवी मेडिकल छात्रों ने किया। वहीं XLRI की ओर से नेहाल, सम्यक, अंशी और अनुश्ठा ने आयोजन की रूपरेखा और संवाद को प्रभावी बनाने में अहम भूमिका निभाई।

सत्र के दौरान छात्राओं को स्वच्छता संबंधी आदतें, पोषण और मानसिक स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम में ऐसा माहौल बनाया गया, जहां बच्चियां बिना झिझक अपने सवाल पूछ सकें और अनुभव साझा कर सकें।

“माहवारी पर खुली बातचीत जरूरी”

छात्रा रुहानी ने कहा, पाखी के जरिए हम माहवारी स्वास्थ्य पर खुली बातचीत को सामान्य बनाना चाहते हैं और किशोरियों को आत्मविश्वास के साथ अपना ख्याल रखने के लिए जागरूक करना चाहते हैं।

लगातार चलने वाली पहल

टीम सामर्थ्य ने बताया कि ‘पाखी’ का मकसद है कि जागरूक किशोरियां आगे चलकर अपने साथियों, परिवार और समाज को भी प्रभावित कर सकें। उनका कहना है कि “माहवारी स्वास्थ्य कोई वर्जना नहीं, बल्कि गरिमा, जागरूकता और सशक्तिकरण का विषय है।”

ज्ञात हो कि ‘पाखी’ XLRI की एक नियमित सामाजिक पहल है। वर्षों से यह कार्यक्रम जमशेदपुर के अलग-अलग स्कूलों में आयोजित किए जा रहे हैं। इससे न सिर्फ किशोरियों में जागरूकता बढ़ रही है बल्कि उनमें आत्मविश्वास भी विकसित हो रहा है।

Share this news

संबंधित खबरें