पाकुड़ में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई विपत्तारिणी पूजा, महिलाओं ने रखा व्रत

Rupa Kumari | July 18, 2026 | 02:10 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, पाकुड़ : जिले के सिंहवाहिनी मंदिर में शनिवार को विपत्तारिणी पूजा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुई। पूजा के अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने उपवास रखकर माता से परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और सभी संकटों से रक्षा की कामना की। मंदिर परिसर सुबह से ही भक्तों की भीड़ से गुलजार रहा।

महिलाओं ने की विशेष पूजा-अर्चना

आषाढ़ माह में रथ यात्रा के बाद पड़ने वाले मंगलवार या शनिवार को मनाई जाने वाली विपत्तारिणी पूजा का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। इस अवसर पर महिलाओं ने विधि-विधान से माता की पूजा कर परिवार की मंगलकामना की और जीवन से सभी विपत्तियों को दूर करने की प्रार्थना की। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने माता को 13 प्रकार के फल, फूल और मिठाइयों का भोग अर्पित किया। धार्मिक परंपरा के अनुसार व्रती महिलाओं ने अपने दाहिने हाथ में 13 गांठों वाला लाल धागा बांधा, जिसे माता का आशीर्वाद और सुरक्षा का प्रतीक माना जाता है।

यह भी पढ़ें : बोकारो में एक्शन मोड में SP नाथु सिंह मीणा, आधी रात सड़कों पर उतरकर परख रहे पुलिसिंग की हकीकत

मां दुर्गा का स्वरूप मानी जाती हैं विपत्तारिणी देवी

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार विपत्तारिणी देवी को मां दुर्गा का ही एक स्वरूप माना जाता है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि सच्ची श्रद्धा और नियमपूर्वक व्रत रखने से माता अपने भक्तों को संकटों से बचाती हैं और उनके जीवन में सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्रदान करती हैं। पूजा के अवसर पर सुबह से ही महिलाएं और अन्य श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने माता के जयकारे लगाए और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेकर पूजा को सफल बनाया।

Share this news

संबंधित खबरें