तमाड़ हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा: प्रेमी से शादी के लिए पत्नी ने कराई पति की हत्या, सिर काटकर जलाया शव

Meenu | July 7, 2026 | 02:41 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची :रांची जिले के तमाड़ में 17 दिन पहले मिले सिरकटी और आंशिक रूप से जले शव के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी ने अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए शव का सिर धड़ से अलग कर दिया गया और शरीर को जलाकर जंगल में फेंक दिया गया। मामले में पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं।

यह भी पढ़ें :झारखंड शराब घोटाला: ED ऑफिस पहुंचे पूर्व मंत्री रामेश्वर उरांव, बेटे रोहित से पहले ही हो चुकी है पूछताछ

तेतरटांड़ जंगल से मिला था सिरकटा शव

19 जून को बुंडू थाना क्षेत्र के तेतरटांड़ जंगल से एक सिरकटा और आंशिक रूप से जला हुआ शव बरामद हुआ था। शुरुआती जांच में शव की पहचान करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया था। बाद में तकनीकी और वैज्ञानिक जांच के आधार पर मृतक की पहचान तमाड़ थाना क्षेत्र के मांझीडीह निवासी संजय लोहरा के रूप में हुई। पुलिस जांच के अनुसार, मृतक की पत्नी अपने कथित प्रेमी के साथ नई जिंदगी शुरू करना चाहती थी। पुलिस का दावा है कि पति इस रिश्ते में सबसे बड़ी बाधा था। इसी कारण दोनों ने मिलकर संजय लोहरा की हत्या की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया। जांच में सामने आया कि हत्या के बाद आरोपियों ने मृतक का सिर धड़ से अलग कर दिया। इसके बाद शव को जलाकर जंगल में फेंक दिया गया, ताकि उसकी पहचान न हो सके और पुलिस तक कोई सुराग न पहुंचे। इस वजह से यह मामला लंबे समय तक ब्लाइंड मर्डर बना रहा।

तकनीकी और फॉरेंसिक जांच से खुला राज

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को तमाड़ थाना क्षेत्र के सुंदरडीह स्थित रानी वन में ले जाकर वह स्थान बताया, जहां मृतक का सिर जमीन में दबाकर रखा गया था। पुलिस ने खुदाई कर सिर बरामद किया। मौके पर एफएसएल टीम ने भी पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। डीएसपी ओमप्रकाश ने बताया कि बिना सिर वाले शव की पहचान करना बेहद चुनौतीपूर्ण था। तकनीकी विश्लेषण, फॉरेंसिक जांच और लगातार छानबीन के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल हुई। जांच में चार लोगों की संलिप्तता सामने आई है। दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।

हत्या में इस्तेमाल कार भी जब्त

पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कार को भी जब्त कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद सभी साक्ष्यों के साथ अदालत में मजबूत चार्जशीट दाखिल की जाएगी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान का औपचारिक खुलासा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की प्रेस वार्ता में किया जाएगा। इस ब्लाइंड मर्डर केस के खुलासे में अनुसंधान टीम, तकनीकी सेल और एफएसएल की अहम भूमिका रही। बरामदगी के दौरान डीएसपी ओमप्रकाश, अंचल अधिकारी समरेश प्रसाद भंडारी, बुंडू थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो, तमाड़ थाना प्रभारी दुलाल कुमार महतो, एसआई रंजीत कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Share this news

संबंधित खबरें