Samachar Post रिपोर्टर, रांची : गढ़वा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने बुधवार को झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार से शिष्टाचार मुलाकात कर नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय (एनपीयू), मेदिनीनगर के छात्र-छात्राओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल को एक मांग पत्र सौंपते हुए विश्वविद्यालय की शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार की मांग की।
समय पर परीक्षा और रिजल्ट की मांग
मुलाकात के दौरान विधायक ने विश्वविद्यालय में परीक्षाओं और परिणामों में होने वाली देरी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि हर वर्ष परीक्षा और रिजल्ट समय पर नहीं होने से छात्रों का शैक्षणिक सत्र प्रभावित होता है और उन्हें उच्च शिक्षा तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने राज्यपाल से परीक्षा प्रक्रिया को नियमित और समयबद्ध बनाने की अपील करते हुए कहा कि छात्रों का भविष्य सुरक्षित रखने के लिए यह बेहद जरूरी है।
विश्वविद्यालय में अनियमितता और भ्रष्टाचार का मुद्दा भी उठाया
विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध कॉलेजों में कथित अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यदि इन समस्याओं पर समय रहते अंकुश नहीं लगाया गया तो इसका सीधा असर छात्रों की शिक्षा और भविष्य पर पड़ेगा। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और बेहतर प्रशासनिक प्रबंधन की आवश्यकता पर जोर दिया।
यह भी पढ़ें: टाटा जू की 16 वर्षीय अफ्रीकी शेरनी जोया का निधन, उम्र संबंधी बीमारी से तोड़ा दम

छात्रों के भविष्य से समझौता नहीं
विधायक ने कहा कि छात्रों का भविष्य किसी भी परिस्थिति में दांव पर नहीं लगाया जा सकता। समय पर परीक्षा, समय पर परिणाम और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रत्येक छात्र का अधिकार है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्यपाल इस विषय को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाएंगे। इस मुलाकात के बाद एनपीयू के छात्रों में उम्मीद जगी है कि उनकी लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल हो सकती है और विश्वविद्यालय का शैक्षणिक सत्र नियमित करने के लिए ठोस कदम उठाए जा सकते हैं।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

