- एसआईटी की कार्रवाई से पश्चिम सिंहभूम में मिलीं तीनों बच्चियां, परिजनों ने पुलिस का जताया आभार
Samachar Post रिपोर्टर, सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र से लापता हुई तीनों नाबालिग लड़कियों को पुलिस ने सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया है। विशेष जांच दल (SIT) की लगातार कार्रवाई के बाद तीनों बच्चियों को पश्चिम सिंहभूम जिले से सुरक्षित खोज निकाला गया। बच्चियों के सकुशल घर लौटने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस की तत्परता की सराहना की।
13 जुलाई से लापता थीं तीनों बच्चियां
जानकारी के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को बास्कोनगर की चार नाबालिग लड़कियां घूमने के लिए चाईबासा स्थित रूंगटा गार्डन गई थीं। इनमें से एक लड़की अगले दिन घर वापस लौट आई थी, जबकि तीन अन्य बच्चियां घर नहीं पहुंचीं। लापता बच्चियों में शांति सामड (14 वर्ष), अनुष्का गगराई (15 वर्ष) और सिमरन जोजो (14 वर्ष) शामिल थीं। परिजनों द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद आदित्यपुर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी।

एसआईटी ने चलाया विशेष अभियान
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने विभिन्न संभावित स्थानों पर तलाश अभियान चलाया और तकनीकी व मानवीय सूचनाओं के आधार पर खोजबीन जारी रखी। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने पश्चिम सिंहभूम जिले से तीनों नाबालिग लड़कियों को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद उन्हें आदित्यपुर लाया गया, जहां आवश्यक पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। गुरुवार को सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पुलिस ने तीनों बच्चियों को उनके परिजनों के हवाले कर दिया। बच्चियों के सुरक्षित मिलने से परिवारों में खुशी का माहौल है।
यह भी पढ़ें: बंटी यादव हत्याकांड: धरना स्थल पहुंचे प्रशांत किशोर, कानून-व्यवस्था और जांच प्रक्रिया पर उठाए सवाल
पुलिस की कार्रवाई की सराहना
परिजनों ने बच्चियों की सकुशल बरामदगी पर पुलिस और एसआईटी टीम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई और लगातार प्रयासों के कारण बच्चियां सुरक्षित वापस लौट सकीं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और सभी पहलुओं की जांच नियमानुसार की जा रही है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

