साहेबगंज: बरहेट में एक ही रात 10 मोबाइल चोरी, गांव में दहशत का माहौल

Rupa Kumari | May 29, 2026 | 03:21 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, साहेबगंज: बरहेट थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामले में चोरों ने एक ही रात में पूरे गांव को निशाना बनाते हुए अलग-अलग घरों से करीब 10 मोबाइल फोन चोरी कर लिए। चोरी गए मोबाइलों की कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद धन जोड़ी गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं।

दीवार फांदकर घरों में घुसे चोर

यह घटना बरहेट थाना क्षेत्र के धन जोड़ी गांव की है। बुधवार देर रात चोरों ने सुनियोजित तरीके से कई घरों में सेंधमारी की। चोरों ने गौतम पंडित, भोला पंडित, विक्की ठाकुर, संदीप यादव, विजय ठाकुर, पिंकू ठाकुर, कार्तिक पंडित और अभिमन्यु ठाकुर समेत कई लोगों के घरों को निशाना बनाया। पीड़ित नवीन कुमार पंडित ने बताया कि सभी लोग रात में अपने घरों में सो रहे थे। सुबह उठने पर मोबाइल गायब मिले। जब चोरी हुए नंबरों पर कॉल किया गया तो सभी फोन बंद आ रहे थे। ग्रामीणों का कहना है कि चोर रात के अंधेरे में दीवार फांदकर घरों में दाखिल हुए और मोबाइल चोरी कर फरार हो गए।

यह भी पढ़ें: मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने के. राजू को सौंपा सुझाव पत्र, JTET 2026 में मगही, भोजपुरी और अंगिका को शामिल करने की मांग

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पीड़ित परिवारों ने थाने में लिखित शिकायत देकर जल्द कार्रवाई और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।ग्रामीणों का कहना है कि बरहेट क्षेत्र में पिछले दो महीनों से चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन अब तक किसी बड़े मामले का खुलासा नहीं हो पाया है। 14 अप्रैल को धोबडीहा में एक पत्रकार के घर चोरी का प्रयास हुआ। 20 अप्रैल को बरहेट साह चौक में CSP कर्मी की बाइक से दिनदहाड़े 2.70 लाख रुपये चोरी हो गए। 25 अप्रैल को भूतेश्वर नाथ मंदिर से इनवर्टर और बैटरी चोरी कर ली गई। कुसमा गांव की एक मिठाई दुकान में चोरी की घटना भी सामने आई थी। बरहेट बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान से करीब 4 लाख रुपये की चेन चोरी हुई थी।

ग्रामीणों में बढ़ी असुरक्षा

लगातार हो रही वारदातों से ग्रामीण खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन जारी है और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share this news

संबंधित खबरें