दलमा की हथिनी बनेगी सैफ एथलेटिक्स की पहचान, लोगो-मस्कट और एंथम सॉन्ग का हुआ अनावरण

Rupa Kumari | October 17, 2025 | 03:50 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : रांची में आगामी चौथा सैफ (SAAF) एथलेटिक्स प्रतियोगिता अब और भी खास होने जा रही है। शुक्रवार को इसके लोगो, मस्कट और एंथम सॉन्ग का भव्य अनावरण किया गया। मुख्य अतिथि खेल मंत्री सुदीव्य कुमार, खेल सचिव मनोज कुमार और झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. मधुकांत पाठक ने संयुक्त रूप से इसका अनावरण किया।

दलमा की हथिनी बनी मस्कट का आकर्षण

मस्कट में झारखंड के दलमा वन्य अभ्यारण्य की मशहूर हथिनी को शोकेस किया गया है। यह हथिनी सैफ एथलेटिक्स का मुख्य आकर्षण होगी, जो आने वाले छह देशों के एथलीटों, तकनीकी अधिकारियों और राज्यभर के युवाओं को अपनी ओर खींचेगी। आयोजकों ने बताया कि मस्कट का उद्देश्य झारखंड की जैव विविधता और प्राकृतिक धरोहर को खेल मंच पर प्रदर्शित करना है।

‘हर हर हरे… झारखंड के माटी’ एंथम सॉन्ग ने बढ़ाई रौनक

कार्यक्रम में लॉन्च हुआ एंथम सॉन्ग हिंदी और नागपुरी भाषा का सुंदर मिश्रण है। “हर हर हरे… झारखंड के माटी…” शीर्षक वाले इस गीत को झारखंड के प्रसिद्ध गायक रोहन डी पाठक ने अपनी आवाज दी है। गीत में राज्य की लोक संस्कृति, हरियाली और खेल भावना को बखूबी दर्शाया गया है।

यह भी पढ़ें: डुमरी की कराटे चैंपियन काजल को मिला जयराम महतो का साथ, अब राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दिखाएंगी दम

खेल मंत्री बोले- सैफ एथलेटिक्स बनेगा प्रेरणा का केंद्र

खेल मंत्री सुदीव्य कुमार ने कहा कि झारखंड इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता को बेहतरीन तरीके से आयोजित करेगा। उन्होंने बताया कि राज्यभर से लगभग 5000 विद्यार्थियों को प्रतियोगिता दिखाने के लिए लाया जाएगा, ताकि वे खेलों से प्रेरित हों और भविष्य के चैंपियन बन सकें।

Share this news

संबंधित खबरें