रांची में शिक्षा नीति और भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन आज, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

Meenu | July 6, 2026 | 12:05 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची :राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020), शिक्षा के बढ़ते निजीकरण और विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में सोमवार को राजधानी रांची में छात्र प्रदर्शन करेंगे। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के आह्वान पर सैकड़ों छात्र कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित जिला स्कूल मैदान में एकत्रित होंगे और वहां से पैदल मार्च करते हुए लोक भवन पहुंचकर प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। जिला स्कूल से लेकर लोक भवन तक अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था में सिपाही, हवलदार, दारोगा और इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों को लगाया गया है।

यह भी पढ़ें :जामताड़ा में 4 टन अवैध कोयला जब्त, छापेमारी से तस्करों में हड़कंप

300 से अधिक छात्रों के जुटने का अनुमान

ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन के त्रिलोकी नाथ और संदीप जायसवाल के नेतृत्व में यह प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। आयोजन में विभिन्न छात्र और सामाजिक संगठनों के करीब 300 से अधिक सदस्यों के शामिल होने की संभावना है। रांची पुलिस को यह भी सूचना मिली है कि कई छात्र राज्य के अलग-अलग जिलों से ट्रेन और बस के माध्यम से राजधानी पहुंच रहे हैं। इसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी गई है। छात्र संगठन राज्य और राष्ट्रीय स्तर के कई शिक्षा एवं भर्ती से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी प्रमुख मांगों में वर्ष 2016 से लंबित पुलिस भर्ती और 2017 से लंबित दरोगा भर्ती प्रक्रिया को जल्द पूरा करना, 10वीं JTET के लिए नियुक्ति नियमावली बनाना और वर्ष 2018 से लंबित नियमित असिस्टेंट प्रोफेसरों की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करना शामिल है। इसके अलावा छात्र NEET, CUET, UGC-NET और SSC जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के साथ-साथ JSSC-CGL, JPSC, JSSC-JE और JAC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों का भी विरोध करेंगे।

NTA और शिक्षा नीति को लेकर भी उठेगी आवाज

प्रदर्शनकारी छात्र राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) को भंग करने की मांग के साथ कथित पेपर लीक मामलों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठा रहे हैं। इसके साथ ही BIT मेसरा में झारखंड के छात्रों के लिए लागू 50 प्रतिशत गृह राज्य कोटा और सामाजिक आरक्षण समाप्त किए जाने का विरोध, क्लस्टर सिस्टम, बढ़ती फीस तथा CBSE की ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली से छात्रों और अभिभावकों पर बढ़ रहे आर्थिक एवं मानसिक दबाव को कम करने की मांग भी प्रदर्शन का हिस्सा होगी।

Share this news

संबंधित खबरें