इंस्टाग्राम से दोस्ती बनी मौत की वजह, रांची में नाबालिग की हत्या का खुलासा

Rupa Kumari | April 6, 2026 | 05:03 PM IST
  • 8 साल से जिस घर में रह रही थी लड़की, वहीं हुई हत्या; शव को एंबुलेंस से गया ले जाकर किया अंतिम संस्कार

Samachar Post रिपोर्टर, रांची: रांची के रातू थाना क्षेत्र में लापता नाबालिग लड़की का मामला हत्या में बदल गया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि लड़की की हत्या उसी घर में की गई, जहां वह पिछले आठ वर्षों से रह रही थी। घटना 2 अप्रैल की रात ग्राम झखराटांड़ की बताई जा रही है।

तकनीकी जांच से खुला राज

ग्रामीणों ने सुबोध पाठक के घर में रह रही लड़की के अचानक गायब होने पर हंगामा किया था। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और 3 अप्रैल को मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य और टोल प्लाजा के फोटो के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि पूछताछ में सुबोध पाठक और उसके पुत्र राहुल पाठक ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।

यह भी पढ़ें:जामताड़ा में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, छापेमारी में भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त

एंबुलेंस से गया ले जाकर किया दाह संस्कार

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि हत्या के बाद शव को एंबुलेंस से गया ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया गया। एंबुलेंस चालक पिंटू कुमार सिंह ने भी पुलिस को बताया कि उसे 13 वर्षीय लड़की की मौत होने की जानकारी देकर शव ले जाने को कहा गया था।

इंस्टाग्राम संपर्क बना हत्या की वजह

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका इंस्टाग्राम के जरिए राहुल पाठक के साले के संपर्क में थी। दोनों के बीच बढ़ती नजदीकियों से परिवार नाराज था। पुलिस के अनुसार ‘लोक-लाज’ के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एंबुलेंस और दो मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। आरोपी सुबोध पाठक और राहुल पाठक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में रातू थाना प्रभारी आदिकांत महतो सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। मामले की आगे की जांच जारी है।

Share this news

संबंधित खबरें