Samachar Post रिपोर्टर, रांची : भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा और घुरती मेला को लेकर राजधानी रांची में 16 जुलाई से 25 जुलाई 2026 तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू की जाएगी। रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने कई मार्गों पर डायवर्जन और प्रवेश प्रतिबंध की घोषणा की है। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से निर्धारित यातायात नियमों का पालन करने और यात्रा के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है, ताकि ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
मेला जाने वाले वाहनों के लिए विशेष पार्किंग व्यवस्था
यातायात पुलिस के अनुसार बिरसा चौक की ओर से रथ मेला जाने वाले वाहनों की पार्किंग शहीद मैदान में की जाएगी। वहीं तुपुदाना, हटिया और धुर्वा क्षेत्र से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए प्रभात तारा मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। रिंग रोड से शहर और मेला क्षेत्र की ओर आने वाले भारी एवं हल्के वाहन तिरिल मोड़, नॉर्थ गेट, प्रभात तारा मैदान और शालीमार बाजार होते हुए निर्धारित मार्ग से गुजरेंगे। ऐसे वाहनों की पार्किंग तिरिल मोड़ के समीप स्थित हेलीपैड क्षेत्र में की जाएगी।

इन मार्गों पर रहेगा प्रवेश प्रतिबंध
रथ यात्रा और मेला अवधि के दौरान कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। यातायात पुलिस के अनुसार निम्नलिखित मार्गों पर कार, ऑटो, सवारी वाहन और दोपहिया वाहनों का प्रवेश नियंत्रित किया जाएगा। तिरिल मोड़ से मोराबादी गोलचक्कर मार्ग, शहीद मैदान से मोराबादी गोलचक्कर मार्ग, प्रभात तारा तीनमुहान से जगन्नाथपुर बाजार तक का मार्ग इन क्षेत्रों में केवल आवश्यक सेवाओं और प्रशासनिक जरूरतों के अनुसार वाहनों को अनुमति दी जा सकती है।
यह भी पढ़ें: झारखंड के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मन्नान मल्लिक का निधन, राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर
वैकल्पिक मार्गों का करें उपयोग
बिरसा चौक, सिंह मोड़, चांदनी चौक, धुर्वा गोलचक्कर और वीर कुंवर सिंह चौक से रिंग रोड तथा शहर की ओर आने-जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। यातायात पुलिस ने लोगों से यात्रा शुरू करने से पहले मार्ग संबंधी जानकारी लेने और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से बचने की सलाह दी है। पुराना विधानसभा क्षेत्र की ओर से रथ मेला जाने वाले बड़े वाहन और मिनी बसों को शहीद मैदान के समीप बनाए गए पार्किंग स्थल में खड़ा करना होगा। मेला क्षेत्र के आसपास बड़े वाहनों के प्रवेश को नियंत्रित किया जाएगा ताकि यातायात प्रभावित न हो।

जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त डायवर्जन
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भीड़ की स्थिति और सुरक्षा आवश्यकताओं को देखते हुए कुछ अन्य मार्गों पर भी अस्थायी रूप से यातायात प्रतिबंध या डायवर्जन लागू किया जा सकता है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि रथ यात्रा के दौरान पुलिसकर्मियों और यातायात प्रबंधन दल के निर्देशों का पालन करें। रथ यात्रा और घुरती मेला रांची के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल हैं, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, पार्किंग और यातायात प्रबंधन की व्यापक तैयारी की है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

