मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

रेलवे ट्रैक सेंसर चोरी कांड में बड़ा खुलासा, तालाब से बरामद हुई लाखों की रेल संपत्ति

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर, रामगढ़ : रामगढ़ के हेंदेगीर कोले रेलवे स्टेशन क्षेत्र में हुए रेलवे ट्रैक सेंसर चोरी मामले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने करीब 1.80 लाख रुपये मूल्य की चोरी गई रेल संपत्ति बरामद कर ली है। हालांकि मामले का मुख्य आरोपी गुड्डू मलिक अब भी फरार है और उसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

ट्रैक सेंसर चोरी से प्रभावित हुआ था रेल संचालन

आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार 10 और 11 अप्रैल की रात हेंदेगीर कोले रेलवे स्टेशन के बीच किलोमीटर संख्या 137/06 से 138/07 के मध्य रेलवे ट्रैक से 11 ट्रैक सेंसर और क्लैंप असेंबली चोरी कर ली गई थी। रेलवे अधिकारियों ने इस घटना को गंभीर बताया, क्योंकि ट्रैक सेंसर रेल परिचालन की सुरक्षा व्यवस्था का अहम हिस्सा होते हैं। चोरी की वजह से रेल संचालन भी प्रभावित हुआ था। संयुक्त निरीक्षण के बाद रेलवे को करीब 1.80 लाख रुपये के नुकसान का आकलन किया गया।

यह भी पढ़ें: नामकुम जमीन घोटाले की जांच तेज, हाईकोर्ट की सख्ती के बाद ACB सक्रिय

आरपीएफ ने दर्ज किया मामला

घटना के बाद आरपीएफ पोस्ट पतरातू में कांड संख्या 04/2026 के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। केस आरपी(यूपी) एक्ट की धारा 3 और रेल अधिनियम की धारा 174(C) के तहत दर्ज किया गया। मामले की जांच निरीक्षक अजय कुमार सिंह को सौंपी गई। वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त धनबाद के निर्देश और सहायक सुरक्षा आयुक्त बरकाकाना के मार्गदर्शन में जांच शुरू की गई।

डंप डाटा से मिला सुराग, एक आरोपी गिरफ्तार

तकनीकी साक्ष्यों और डंप डाटा की जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिला। इसके आधार पर 6 मई को राजेंद्र कुमार महतो को गिरफ्तार किया गया। वह हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी के पास से ट्रैक सेंसर खोलने में इस्तेमाल किए गए रिंच और कटर भी बरामद किए गए। पूछताछ के बाद उसे रेलवे न्यायालय डाल्टनगंज में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड पर लिया गया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर 8 मई को चोरी की रेल संपत्ति ले जाने में इस्तेमाल की गई हीरो स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई। इससे जांच को और मजबूती मिली।

तालाब में छिपाकर रखी गई थी रेल संपत्ति

12 मई को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की रेल संपत्ति ईचापीरी गांव के पास छिपाकर रखी गई है। इसके बाद आरपीएफ और बुढ़मू थाना पुलिस ने संयुक्त छापेमारी की। पुलिस टीम के पहुंचते ही मुख्य आरोपी गुड्डू मलिक जंगल और पहाड़ी इलाके का फायदा उठाकर फरार हो गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने रेलवे का अहम सामान बरामद किया। इसमें 8 ट्रैक सेंसर, 1 टूटा हुआ सेंसर, 1 पूरा सेंसर सेट, 2 डिफ्लेक्टर सेट, 5 सेंसर असेंबली, 3.5 किलो नट-बोल्ट, 9 पेंड्रोल क्लिप और करीब 30 फीट केबल शामिल हैं। पूरे अभियान की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई है। फिलहाल फरार आरोपी की तलाश जारी है।

https://samacharpost.live/2026/05/namkum-land-scam-acb-investigation-jharkhand-high-court/
Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Rupa Kumari

Reporter | Samachar Postमैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।See Profile

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment