चुट्टूपालू घाटी में भीषण हादसा, दो ट्रकों के बीच फंसी कार से 3 घंटे बाद सुरक्षित निकाले गए महिला और पुरुष

Rupa Kumari | July 30, 2026 | 04:30 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रामगढ़ : रामगढ़ जिले की चुट्टूपालू घाटी में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो ट्रकों की टक्कर के बीच एक कार बुरी तरह फंस गई। कार में सवार एक महिला और एक पुरुष करीब तीन घंटे तक वाहन के अंदर फंसे रहे। पुलिस, स्थानीय लोगों और राहत टीम की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

अनियंत्रित ट्रक के कारण हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया और सामने से आ रहे दूसरे ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रकों के बीच एक कार दब गई। हादसे के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। स्थानीय लोगों ने कार के भीतर से आवाजें सुनने के बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

तीन घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन

सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और दोनों लोगों को निकालने का प्रयास शुरू किया। लेकिन कार जिस तरह दो भारी ट्रकों के बीच फंसी हुई थी, उसे देखते हुए बचाव कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया। रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि जेसीबी और हाइड्रा मशीनों की मदद से ट्रकों को हटाने का प्रयास किया गया। हालांकि ट्रकों में भारी सामान लदा होने के कारण शुरुआती चरण में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

स्थानीय लोगों के सहयोग से बचीं जानें

पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर पहले ट्रकों से सामान खाली कराया, जिसके बाद वाहनों को हटाया जा सका। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे महिला और पुरुष को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। महिला ने बताया कि वे दोनों हजारीबाग मेडिकल कॉलेज जा रहे थे, तभी चुट्टूपालू घाटी में यह दुर्घटना हो गई।

यह भी पढ़ें : JPSC-JSSC विवाद पर बाबूलाल मरांडी का सरकार पर हमला, CBI जांच की मांग दोहराई

समय रहते राहत कार्य से टला बड़ा हादसा

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, समय पर सूचना मिलने और त्वरित राहत अभियान शुरू होने से दोनों लोगों की जान बचाई जा सकी। हादसे के दौरान कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, लेकिन राहत कार्य पूरा होने के बाद सड़क पर आवागमन सामान्य कर दिया गया। चुट्टूपालू घाटी में हुए इस हादसे ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की आवाजाही से जुड़े सुरक्षा प्रबंधन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share this news

संबंधित खबरें