Samachar Post रिपोर्टर, रामगढ़ : झारखंड के रामगढ़ जिले के युवा कलाकार वैभव कुमार शर्मा ने अपनी अद्भुत प्रतिभा और दृढ़ संकल्प के दम पर विश्व स्तर पर पहचान बनाई है। उन्होंने पैरों की सहायता से दुनिया की सबसे बड़ी पेंटिंग बनाकर अपना नाम विश्व रिकॉर्ड में दर्ज कराया है।जानकारी के अनुसार, 30 नवंबर 2023 को वैभव ने विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया था। उन्होंने 50×40 फीट के विशाल कैनवास पर अपने पैरों से लगातार 6 घंटे 45 मिनट तक पेंटिंग तैयार की। इस पूरी प्रक्रिया का वीडियो रिकॉर्ड, दस्तावेज और अन्य आवश्यक प्रमाण गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स को भेजे गए थे।
189.89 वर्ग मीटर में फैली ऐतिहासिक कलाकृति
लंबी जांच और सत्यापन प्रक्रिया के बाद गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने उनके प्रयास को मान्यता दी। वैभव की पेंटिंग का कुल क्षेत्रफल 189.89 वर्ग मीटर (2043.95 वर्ग फीट) दर्ज किया गया, जो “पैरों से बनाई गई सबसे बड़ी पेंटिंग” की श्रेणी में विश्व रिकॉर्ड बन गया। यह उपलब्धि केवल वैभव की व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरे झारखंड और देश के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि कठिन परिश्रम, समर्पण और आत्मविश्वास के बल पर वैश्विक मंच पर भी पहचान बनाई जा सकती है।

यह भी पढ़ें: झारखंड की पंचायतों को 16वें वित्त आयोग से मिलेंगे 14,231 करोड़ रुपये, विकास योजनाओं को मिलेगा बल
युवाओं के लिए प्रेरणा
वैभव कुमार शर्मा की उपलब्धि कला और रचनात्मकता के क्षेत्र में युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है। उन्होंने साबित किया है कि असाधारण उपलब्धियां हासिल करने के लिए परिस्थितियों से अधिक महत्व जुनून और निरंतर प्रयास का होता है। रामगढ़ के इस युवा कलाकार की सफलता पर पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोग इसे झारखंड की कला प्रतिभा की बड़ी उपलब्धि के रूप में देख रहे हैं।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

