Samachar Post डेस्क, रांची : राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में पंचायत चुनाव की तैयारी को लेकर आयोजित कांग्रेस की बैठक के दौरान बड़ा हादसा हो गया। तेज हवा के कारण बैठक में लगा टेंट उखड़कर ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। टेंट को संभालने की कोशिश कर रहे लोग करंट की चपेट में आ गए। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग झुलस गए। सभी घायलों को प्रतापगढ़ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे पीपलखूंट उपखंड के रेणंदा गांव में तिराबावजी मंदिर के पास हुई। बैठक में रेणंदा, बूंदीखेड़ा और खिलाय कुंड गांवों के करीब 150 कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण शामिल हुए थे। घाटोल विधायक नानालाला निनामा भी बैठक में शामिल होने वाले थे, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही हादसा हो गया।
दो लोगों की मौत, 14 लोग झुलसे
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान डेमरीपाड़ा निवासी 57 वर्षीय अर्जुन, पुत्र अमरिया, और रेणंदा निवासी 45 वर्षीय मोहन, पुत्र गौतम, के रूप में हुई है। करंट लगने से 14 अन्य लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए तत्काल मदद जुटाई। घायल प्रकाश के मुताबिक, बैठक शुरू होने के कुछ ही देर बाद तेज हवा चलने लगी। हवा के कारण टेंट के हिस्से उखड़कर ऊपर की ओर उड़ने लगे और बिजली की लाइन के संपर्क में आ गए। टेंट को संभालने की कोशिश कर रहे लोग करंट की चपेट में आ गए। इसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस को सूचना दी गई।
एंबुलेंस में देरी का आरोप, ग्रामीणों में नाराजगी
ग्रामीण शंभूलाल ने आरोप लगाया कि हादसे की सूचना देने के बावजूद करीब एक घंटे तक एंबुलेंस घटनास्थल पर नहीं पहुंची। ऐसे में ग्रामीणों को कुछ घायलों को मोटरसाइकिल से प्रतापगढ़ जिला अस्पताल ले जाना पड़ा। ग्रामीणों ने यह आरोप भी लगाया कि हादसे के बाद पीपलखूंट से कोई प्रशासनिक अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर नहीं पहुंचा। एंबुलेंस की कथित देरी और अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई।






















