बारिश ने बिगाड़ी गढ़वा की सूरत, सड़कें डूबीं और स्कूल बंद; नदियां उफान पर

Rupa Kumari | September 1, 2026 | 01:41 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, गढ़वा : जिले में पिछले 24 घंटे से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर के कई घरों, दुकानों और स्कूलों में बारिश का पानी घुस गया है। दानरो, सरस्वती और कोयल नदी भी उफान पर हैं। लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद जिला प्रशासन ने भी लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले तीन दिनों तक भारी बारिश के साथ वज्रपात की भी संभावना जताई गई है। गढ़वा में 31 अगस्त की दोपहर करीब डेढ़ बजे शुरू हुई बारिश लगातार जारी है।

दानरो और सरस्वती नदी उफान पर

बारिश के कारण शहर से होकर गुजरने वाली दानरो और सरस्वती नदी उफान पर हैं। नदी के आसपास के इलाकों में पानी का दबाव बढ़ने से कई घरों और दुकानों में बारिश का पानी घुस गया है। शहर के नगवां मोहल्ला, दफाली मोहल्ला, मदरसा रोड, चिनिया रोड और सहिजना रोड समेत नगर परिषद क्षेत्र के कई गली-मोहल्लों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। कई इलाकों में सड़कें पानी में डूब गई हैं, जिससे लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है। जलजमाव के कारण कई निजी स्कूलों को बंद करना पड़ा है, जबकि कई सरकारी विद्यालयों की स्थिति भी बारिश के कारण प्रभावित हुई है।

बस डिपो और स्कूल परिसर में भी भरा पानी

सोनपुरवा स्थित अंतरराज्यीय बस डिपो और शालीग्राम विद्यालय परिसर में पानी भरने से बच्चों की पढ़ाई और बसों के परिचालन पर भी असर पड़ा है। इधर, जिले से होकर गुजरने वाली कोयल नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। इससे नदी किनारे के इलाकों में बाढ़ का खतरा और बढ़ गया है।

यह भी पढ़ें : डुमरिया में 10 करोड़ की लागत से बने 30 बेड के अस्पताल का आज उद्घाटन, 24 घंटे मिलेगी स्वास्थ्य सेवा

नदी-नालों के आसपास नहीं जाने की अपील

जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और नदी-नालों के आसपास नहीं जाने की अपील की है। लगातार बारिश के बीच जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। वहीं, शहरी क्षेत्र में जगह-जगह जलजमाव को लेकर स्थानीय लोगों ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। लोगों का आरोप है कि नालियों की पर्याप्त सफाई और जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी घरों और सड़कों पर जमा हो रहा है। बारिश की स्थिति को देखते हुए लोगों से अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है।

Share this news

संबंधित खबरें