पूर्णिया में आज भूमि सुधार जन कल्याण संवाद, डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा सुनेंगे जनता की समस्याएं

Rupa Kumari | December 26, 2025 | 10:57 AM IST

Samachar Post डेस्क, बिहार: पूर्णिया जिले में जमीन और राजस्व से जुड़े लंबित मामलों के समाधान को लेकर आज भूमि सुधार जन कल्याण संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में बिहार के उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा आम जनता से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे। डिप्टी सीएम गुरुवार देर रात पूर्णिया पहुंचे, जहां सर्किट हाउस में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। शुक्रवार सुबह वे मां पूरण देवी मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद कार्यक्रम में शामिल होंगे।

दो पालियों में होगा जन कल्याण संवाद

जन कल्याण संवाद कार्यक्रम दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। पहली पाली सुबह 11 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक प्रेक्षागृह सह आर्ट गैलरी में होगी। इस दौरान आम लोग अपनी जमीन से संबंधित समस्याएं सीधे रख सकेंगे। कार्यक्रम में दाखिल-खारिज, परिमार्जन प्लस, ई-मापी और अन्य ऑनलाइन सेवाओं से जुड़ी शिकायतों की सुनवाई की जाएगी। शिकायतकर्ताओं के सामने ही अंचलाधिकारी और राजस्व कर्मचारी मौजूद रहेंगे, ताकि समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

यह भी पढ़ें: तेज प्रताप यादव की जान को खतरा! गृह मंत्री से मांगी सुरक्षा, पार्टी के पूर्व प्रवक्ता पर धमकी का आरोप

सुबह 9 बजे से होगा रजिस्ट्रेशन

कार्यक्रम में भाग लेने के लिए सुबह 9 बजे से 10:30 बजे तक रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। आवेदन में नाम, पता और मोबाइल नंबर देना अनिवार्य होगा। शिकायत की प्रगति की जानकारी मोबाइल मैसेज के माध्यम से दी जाएगी।

दूसरी पाली में राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक

दूसरी पाली में दोपहर 3:30 बजे से 5 बजे तक समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक होगी। इसमें जिले के सभी वरीय अधिकारी और भूमि सुधार से जुड़े कर्मचारी शामिल होंगे।

डीएम ने बताया उद्देश्य

जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भूमि से जुड़ी सेवाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पहल लंबे समय से परेशान लोगों के लिए राहत लेकर आएगी।

Share this news

संबंधित खबरें