रांची में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, ब्राउन शुगर और गांजा के साथ युवक गिरफ्तार

Rupa Kumari | September 2, 2026 | 04:17 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ लोअर बाजार थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से ब्राउन शुगर और गांजा बरामद करने का दावा किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान अनस कुरैशी के रूप में हुई है, जो लोअर बाजार इलाके का रहने वाला बताया गया है।

सफेद टाटा सफारी से नशे की सप्लाई की सूचना

पुलिस के अनुसार, रांची एसएसपी को लगातार सूचना मिल रही थी कि डोम टोली तालाब पट्टी इलाके में सफेद रंग की टाटा सफारी से मादक पदार्थों की सप्लाई की जा रही है। एसएसपी के निर्देश पर लोअर बाजार थाना पुलिस ने मंगलवार को डोमटोली क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस को मौके पर एक संदिग्ध सफेद सफारी खड़ी मिली। वाहन के मालिक और उससे जुड़े व्यक्ति का सत्यापन करने के बाद पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया।

तलाशी में 20 ग्राम ब्राउन शुगर और 16 ग्राम गांजा बरामद

पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान आरोपी के पास से गांजे की पुड़िया मिली, जबकि सफारी वाहन के अंदर से ब्राउन शुगर बरामद किया गया। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थों का वजन कराया, जिसमें करीब 20 ग्राम ब्राउन शुगर और 16 ग्राम गांजा पाया गया। इसके अलावा आरोपी के पास से 4,700 रुपये नकद और iPhone 13 भी बरामद किया गया है। पुलिस ने कथित तौर पर तस्करी में इस्तेमाल की जा रही टाटा सफारी को भी जब्त कर लिया है। लोअर बाजार थाना पुलिस ने मामले में कांड संख्या 150/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

यह भी पढ़ें : बीजेपी सांसद की तारीफ को इरफान अंसारी ने बनाया राजनीतिक संदेश, बोले- विरोध के बजाय काम देखे विपक्ष

पुलिस के अनुसार आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मोहम्मद अनस का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। वह धनबाद जिले के बरोरा थाना कांड संख्या 07/2026 में भी नामजद आरोपी है। पुलिस अब जब्त सामान और आरोपी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है, ताकि मादक पदार्थों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

Share this news

संबंधित खबरें