अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस पर पटना जू को मिला बड़ा उपहार, चार नए बाघों का हुआ नामकरण

Rupa Kumari | July 29, 2026 | 03:04 PM IST

Samachar Post डेस्क, पटना : अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर बिहार के संजय गांधी जैविक उद्यान (पटना जू) को एक खास सौगात मिली है। मंगलवार को बिहार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री राम चंद्र प्रसाद ने पटना जू में आए चार नए बाघों का औपचारिक नामकरण किया। इसके साथ ही जू में बाघों की कुल संख्या बढ़कर 10 हो गई है। पटना जू में शामिल किए गए चार नए बाघों का नाम रुद्र, पूर्णिमा, तेजस और सृष्टि रखा गया है। नामकरण के बाद अब पर्यटक इन बाघों को करीब से देख सकेंगे। वन विभाग का मानना है कि नए बाघों के आने से जू का आकर्षण बढ़ेगा और पर्यटकों की संख्या में भी इजाफा होगा।

वन्यजीव संरक्षण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता

कार्यक्रम के दौरान मंत्री राम चंद्र प्रसाद ने कहा कि बिहार सरकार वन्यजीव संरक्षण और जैव विविधता को सुरक्षित रखने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि बाघ केवल एक वन्यजीव नहीं, बल्कि देश की प्राकृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में उनकी भूमिका बेहद अहम है, इसलिए उनके संरक्षण को प्राथमिकता दी जा रही है।

2010 में हुई थी अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस की शुरुआत

हर वर्ष 29 जुलाई को अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस मनाया जाता है। इसकी शुरुआत वर्ष 2010 में रूस के सेंट पीटर्सबर्ग में आयोजित टाइगर समिट के दौरान हुई थी। इसका उद्देश्य दुनिया भर में बाघों की घटती आबादी को बचाने, उनके प्राकृतिक आवासों की रक्षा करने और वन्यजीव संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है।

यह भी पढ़ें : सरयू राय टिप्पणी विवाद थमा, मेयर सुधा गुप्ता की पहल पर महिला कांग्रेस ने वापस लिया आंदोलन

पर्यटकों के लिए बढ़ेगा आकर्षण

पटना जू प्रशासन को उम्मीद है कि चार नए बाघों के आने से पर्यटकों के बीच उत्साह बढ़ेगा। साथ ही यह पहल वन्यजीव संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें