Samachar Post रिपोर्टर,पलामू : जिले में चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार जारी है। जिला समाहरणालय परिसर में चल रहे आंदोलन के बीच छात्र नेता सत्यनारायण शुक्ला आमरण अनशन पर बैठे हैं। शनिवार को आंदोलन के पांचवें दिन भी अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन जारी रखा।
यह भी पढ़ें : JPSC-JSSC आंदोलन: देवेंद्रनाथ महतो समर्थित छात्र प्रतिनिधिमंडल और सरकार के बीच आज अहम वार्ता
पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी ने अनशन स्थल पर की मुलाकात
शनिवार सुबह झारखंड के पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी अनशन स्थल पर पहुंचे और छात्र नेता सत्यनारायण शुक्ला से मुलाकात की। इस दौरान शुक्ला ने उन्हें चतुर्थ वर्गीय नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़े मामलों और अभ्यर्थियों की समस्याओं की जानकारी दी। मुलाकात के दौरान अभ्यर्थियों ने नियुक्ति प्रक्रिया को जल्द पूरा करने की मांग रखी। उनका कहना है कि लंबे समय से नियुक्ति की उम्मीद लगाए हजारों अभ्यर्थी इस प्रक्रिया के पूरा होने का इंतजार कर रहे हैं।

नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने की मांग पर अड़े अभ्यर्थी
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे सत्यनारायण शुक्ला ने कहा कि इस आंदोलन को केवल विरोध प्रदर्शन के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। उनके अनुसार, इसके पीछे हजारों परिवारों की उम्मीदें और युवाओं का वर्षों का परिश्रम जुड़ा हुआ है। उन्होंने सरकार और जिला प्रशासन से समय रहते अभ्यर्थियों के साथ संवाद स्थापित कर मामले का समाधान निकालने की अपील की। उनका कहना है कि अभ्यर्थी अपनी न्यायोचित मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे हैं।
ठोस निर्णय तक जारी रहेगा आंदोलन
छात्र नेता सत्यनारायण शुक्ला ने कहा कि जब तक पलामू में चतुर्थ वर्गीय अभ्यर्थियों की मांगों पर सरकार और प्रशासन की ओर से ठोस एवं सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आमरण अनशन और आंदोलन जारी रहेगा। आंदोलन के पांचवें दिन भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी समाहरणालय परिसर में मौजूद रहे। अब अभ्यर्थियों की नजर सरकार और जिला प्रशासन की ओर से होने वाली अगली पहल पर है।

Reporter | Samachar Post

