Samachar Post रिपोर्टर, लोहरदगा : झारखंड के लोहरदगा स्थित हायर सेकेंडरी रेजिडेंशियल स्कूल में चार छात्राओं को सांप काटने की घटना पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने इस मामले को गंभीर मानते हुए झारखंड के मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। आयोग ने कहा है कि यदि मीडिया रिपोर्टों में प्रकाशित तथ्य सही पाए जाते हैं, तो यह छात्राओं के मानवाधिकारों के उल्लंघन का गंभीर मामला माना जाएगा। सर्पदंश की इस घटना में एक छात्रा की मौत हो चुकी है, जबकि तीन अन्य छात्राओं का इलाज जारी है।
घायल छात्राओं की स्वास्थ्य स्थिति की भी मांगी जानकारी
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने मुख्य सचिव से मांगी गई रिपोर्ट में घायल छात्राओं की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति और उन्हें उपलब्ध कराए जा रहे उपचार की विस्तृत जानकारी भी शामिल करने को कहा है। आयोग ने घटना के कारणों, सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक जिम्मेदारी से जुड़े पहलुओं पर भी रिपोर्ट तलब की है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, 10 जुलाई तक घायल तीन छात्राओं में से एक की हालत गंभीर बनी हुई थी, जिसे बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स में भर्ती कराया गया है। अन्य दो छात्राओं का भी उपचार जारी है।

रात में सोने के दौरान हुआ था हादसा
जानकारी के मुताबिक यह दर्दनाक घटना 7 जुलाई की रात हुई थी। छात्राएं रात का भोजन करने के बाद स्कूल परिसर के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान सांप कमरे में घुस गया और चार छात्राओं को डंस लिया। घटना के बाद स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया और छात्राओं को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
यह भी पढ़ें: रांची में पंचायतों और SHG के समन्वय पर दो दिवसीय कार्यशाला शुरू, ग्रामीण विकास को मिलेगी नई दिशा
स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद आवासीय विद्यालयों में छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। एक छात्रा की मौत और अन्य छात्राओं के गंभीर रूप से घायल होने के बाद स्कूल परिसर की निगरानी, साफ-सफाई और विषैले जीव-जंतुओं से सुरक्षा के इंतजामों पर चर्चा तेज हो गई है। अब राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की ओर से मांगी गई रिपोर्ट के बाद राज्य सरकार और संबंधित विभागों की जिम्मेदारी पर भी नजरें टिकी हुई हैं।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

