लोहरदगा में जंगली हाथी का हमला, खेत में काम कर रही महिला की मौत

Rupa Kumari | May 26, 2026 | 10:27 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, लोहरदगा: झारखंड के लोहरदगा जिले में जंगली हाथी के हमले में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना भंडरा थाना क्षेत्र के भैंसमुंदो गांव की है, जहां मंगलवार सुबह खेत में काम कर रही महिला पर हाथी ने हमला कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मृतक की पहचान बेदाल टांगरा टोली निवासी प्रतिमा कुमारी (22) के रूप में हुई है। वह अपने पति कृष्णा उरांव और दो छोटे बच्चों के साथ खेत में गेहूं काटने गई थी।

खेत में पहुंचा हाथी, महिला को कुचल डाला

जानकारी के अनुसार सुबह खेत में काम के दौरान अचानक जंगल की ओर से दो जंगली हाथी गांव की तरफ आ गए। ग्रामीणों के मुताबिक एक हाथी कुछ देर बाद वापस लौट गया, लेकिन दूसरा खेत की ओर बढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हाथी सीधे प्रतिमा कुमारी के पास पहुंचा और उसे सूंड से उठाकर पटक दिया। इसके बाद हाथी ने महिला को कुचल दिया। घटना के दौरान महिला का बच्चा पास में ही मौजूद था, लेकिन हाथी ने उसे कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। महिला के पति और आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाकर हाथी को भगाने की कोशिश की, लेकिन तब तक महिला गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी।

यह भी पढ़ें: जमशेदपुर में बाइक चोरी गिरोह का खुलासा, नंबर प्लेट बदलकर बेचते थे चोरी के वाहन

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

घटना के बाद ग्रामीण प्रतिमा कुमारी को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भंडरा लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।

ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग से कार्रवाई की मांग

घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगली हाथियों का मूवमेंट लगातार आबादी वाले इलाकों की ओर बढ़ रहा है, जिससे लोगों में डर बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर खदेड़ने और सुरक्षा के स्थायी इंतजाम करने की मांग की है।

Share this news

संबंधित खबरें