मुरहू हिंसा के बाद खूंटी में तनाव, सर्व सनातन समाज ने अनिश्चितकालीन बंद का ऐलान

Rupa Kumari | March 30, 2026 | 10:19 AM IST
  • गिरफ्तार लोगों की रिहाई की मांग, पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल; प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की

Samachar Post रिपोर्टर,खूंटी: खूंटी जिले के मुरहू में हुई हिंसक झड़प के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पथराव की घटना के बाद लोगों में आक्रोश देखने को मिल रहा है। इसी बीच सर्व सनातन समाज की बैठक में बड़ा फैसला लेते हुए जिले में अनिश्चितकालीन बंद का ऐलान कर दिया गया है, जिसका असर बाजारों और सड़कों पर साफ दिखने लगा है।

बाजार बंद कराए, थाना पहुंचकर प्रदर्शन

बैठक से पहले समाज के लोग शहर में घूम-घूमकर दुकानों को बंद कराते नजर आए। इसके बाद पूर्व मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा के नेतृत्व में सैकड़ों लोग खूंटी थाना पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने डीएसपी वरुण रजक से मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं और पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताई।

यह भी पढ़ें: रांची में आज बिजली कटौती: कई इलाकों में 6 घंटे तक सप्लाई बाधित, जानें समय और प्रभावित क्षेत्र

रिहाई की मांग, पुलिस पर सवाल

प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग गिरफ्तार लोगों की बिना शर्त रिहाई है। उनका आरोप है कि निर्दोष लोगों को परेशान किया जा रहा है। नीलकंठ सिंह मुंडा ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि बेगुनाहों के खिलाफ कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रशासन का पक्ष

डीएसपी वरुण रजक ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई साक्ष्यों और प्राप्त शिकायतों के आधार पर की जा रही है। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। फिलहाल दो लोगों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं, जबकि अन्य को छोड़ने की प्रक्रिया जारी है।

10 एफआईआर दर्ज, जांच जारी

मामले में अब तक कुल 10 प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी हैं, जिनमें तीन मामले प्रशासन की ओर से दर्ज किए गए हैं। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायतें दी हैं।

प्रशासन अलर्ट, शांति की अपील

घटना के बाद से प्रशासन अलर्ट मोड में है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि माहौल बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें